पानीपत में पत्नी के गायब होने पर पति ने तांत्रिक पर लगाए आरोप, घर से जेवर और 32 हजार रुपये भी गायब

पानीपत में पति ने गांव के तांत्रिक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। घर से जेवर, कपड़े और 32 हजार रुपये गायब मिले।

पानीपत में पत्नी के गायब होने पर पति ने तांत्रिक पर लगाए आरोप, घर से जेवर और 32 हजार रुपये भी गायब

पानीपत में पति ने गांव के तांत्रिक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया
➤ संदूक का ताला टूटा मिला, जेवर, 10 जोड़ी कपड़े और 32 हजार रुपये गायब
➤ पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के पिता की बीमारी का पता लेने जाने की बात सामने आई

पानीपत के किला थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति ने गांव के ही युवक पर उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने और घर से नकदी व जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। पति का दावा है कि आरोपी पिछले करीब दो महीने से उसकी गैरमौजूदगी में घर आता था और उसकी पत्नी को अपने प्रभाव में ले रहा था। पति के मुताबिक, 6 नवंबर को वह धान बेचने मंडी गया था। रात को वापस लौटा तो पत्नी घर से गायब मिली और संदूक का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखे जेवर, 10 जोड़ी कपड़े और 32 हजार रुपये भी नहीं मिले।

हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के अपने पिता की बीमारी का पता लेने जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि महिला के किसी व्यक्ति के साथ जाने या उसे बहलाने-फुसलाने के संबंध में फिलहाल कोई साक्ष्य नहीं मिला है। किला थाना पुलिस ने महिला की गुमशुदगी के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज किया है।

दो महीने से घर आ रहा था युवक, विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप

पीड़ित पति ने किला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव का एक युवक तांत्रिक का काम करता है। आरोप है कि वह पिछले करीब दो महीने से उसकी गैरमौजूदगी में घर आने लगा था। पति ने कई बार उसे घर आने से रोका और अपनी पत्नी को भी समझाया, लेकिन युवक ने आना बंद नहीं किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन पहले उसने तांत्रिक को फिर अपनी पत्नी के साथ घर पर देखा। इस पर उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी।

धान बेचने मंडी गया था पति, रात को लौटा तो पत्नी गायब मिली

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 6 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह धान बेचने मंडी गया था। इस दौरान उसने पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। रात करीब नौ बजे जब वह घर पहुंचा तो पत्नी वहां नहीं थी। घर में रखे संदूक का ताला भी टूटा हुआ मिला।

संदूक की जांच करने पर उसमें रखे दो जोड़ी पाजेब, चांदी की चार जोड़ी अंगूठियां, चार जोड़ी चांदी की चुटकी, 10 जोड़ी कपड़े और 32 हजार रुपये नकद गायब मिले। पति ने आरोप लगाया कि गांव का तांत्रिक अपने दो साथियों के साथ उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया और घर से सामान भी ले गया।

उसने पुलिस से पत्नी और गायब सामान को बरामद कराने की मांग की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने की अपील भी की।

पुलिस की शुरुआती जांच में पिता की बीमारी का पता लेने जाने की बात आई सामने

शिकायत मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि रानी अपने पिता की बीमारी के बारे में पता लेने जाने की बात कहकर घर से गई थी।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान महिला के किसी व्यक्ति के साथ जाने या उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में कोई साक्ष्य नहीं मिला है। शुरुआती जानकारी में महिला के अपनी मर्जी से गांव से जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मुकदमा नंबर 301 दर्ज, महिला की तलाश में जुटी पुलिस

किला थाना पुलिस ने जगीरा की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर महिला की गुमशुदगी के संबंध में मुकदमा नंबर 301 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) लगाई गई है।

पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।