दीपावली की रात दर्दनाक हादसा, 17 वर्षीय छात्र की मौ*त
रेवाड़ी में दीपावली की रात बाइक बिजली के पोल से टकराने पर 17 वर्षीय मनजीत की मौत हो गई। हादसे में उसके दो दोस्तों को हल्की चोटें आईं।
रेवाड़ी में दीपावली की रात सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत
➤ दोस्त के घर से पटाखे चलाकर लौट रहे थे तीन युवक, बाइक पोल से टकराई
➤ 12वीं का छात्र मनजीत पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था, दो दोस्तों को हल्की चोटें
बावल, रेवाड़ी। रेवाड़ी में दीपावली की रात हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की जान चली गई। गांव बूढ़पुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में विकास नगर निवासी मनजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो दोस्तों को हल्की चोटें आई हैं। मनजीत 12वीं कक्षा का छात्र था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
दोस्त के घर पटाखे चलाकर लौट रहे थे तीनों युवक
पुलिस के अनुसार, हादसा दीपावली की रात उस समय हुआ, जब तीनों युवक अपने दोस्त के घर पटाखे चलाकर वापस लौट रहे थे। वे बूढ़पुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके दोस्त निखिल और तनुख को हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक मनजीत चला रहा था।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था मनजीत
मनजीत रेवाड़ी के विकास नगर का रहने वाला था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले मनजीत की हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan