हाईवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत,ड्राइवर की मौ*त, केबिन काटकर निकाला श*व
रेवाड़ी के धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर हाईवे-48 पर खड़े खराब ट्रक से दूसरा ट्रक टकरा गया। हादसे में अजमेर निवासी ड्राइवर अर्जुन की मौत हो गई।
➤ रेवाड़ी के धारूहेड़ा में हाईवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत, अजमेर निवासी ड्राइवर की मौत
➤ सड़क किनारे खराबी के कारण खड़ा था रोड़ी से भरा ट्रक, पीछे से एल्यूमीनियम प्लेटों से लदा ट्रक टकराया
➤ केबिन में बुरी तरह फंसा ड्राइवर, ट्रक की बॉडी काटकर निकाला शव; हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जंगल बेबलर के सामने सड़क किनारे खड़े रोड़ी से भरे ट्रक में पीछे से एल्यूमीनियम प्लेटों से लदा ट्रक टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एल्यूमीनियम प्लेटों से लदे ट्रक का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी करीब 30 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ड्राइवर के केबिन में फंसे होने के कारण ट्रक की बॉडी कटवाकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई।
सड़क किनारे खड़ा था रोड़ी से भरा ट्रक
जांच अधिकारी सतेंद्र के अनुसार, एल्यूमीनियम प्लेटों से भरा ट्रक जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। जब ट्रक धारूहेड़ा में जंगल बेबलर के सामने पहुंचा, तो वहां सड़क किनारे रोड़ी से भरा एक ट्रक खड़ा था। बताया गया है कि तकनीकी खराबी आने के कारण इस ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया गया था।
इसी दौरान पीछे से आ रहा एल्यूमीनियम प्लेटों से लदा ट्रक खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर अर्जुन उसमें बुरी तरह फंस गया। हादसा शनिवार देर रात करीब 3 बजे हुआ। गंभीर टक्कर के कारण अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक की बॉडी काटकर बाहर निकाला शव
हादसे के बाद ड्राइवर के केबिन में फंसने के कारण शव को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। पुलिस ने ट्रक की बॉडी कटवाकर शव बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।
हादसे के बाद ट्रक से एल्यूमीनियम की प्लेटें सड़क पर बिखर गईं। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
खराब ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार
पुलिस के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़े रोड़ी से भरे ट्रक का ड्राइवर हादसे के बाद मौके से चला गया। पुलिस उसकी पहचान और जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Akhil Mahajan