हरियाणा में 27 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे ₹2100, लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा
हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ेगा, 17 लाख और महिलाओं को ₹2100 महीना मिलेगा। आय सीमा 1.80 लाख रुपए वार्षिक होगी और आवेदन 25 सितंबर से शुरू होगा
हरियाणा में अब 17 लाख और महिलाओं को मिलेंगे ₹2100 महीना, योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी
➤ आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए वार्षिक करने का फैसला, 25 सितंबर से पोर्टल खोलने की तैयारी
➤ आवेदन के लिए एप पर 6 चरण पूरे करने होंगे, जानिए पात्रता और जरूरी दस्तावेज
रेवाड़ी। हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। अब प्रदेश की 17 लाख और महिलाओं के खाते में 2100 रुपए महीना आने का रास्ता साफ होगा। सरकार योजना की पात्रता की आय सीमा बढ़ाने की घोषणा पहले ही कर चुकी है। अब दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर से पोर्टल खोलने की तैयारी है।
पिछले साल इसी तारीख को सरकार ने योजना शुरू की थी। योजना के पहले चरण में लाभ लेने के लिए पात्रता की आय सीमा 1 लाख रुपए वार्षिक रखी गई थी। इसके बाद इसे बढ़ाकर 1.40 लाख रुपए किया गया। अब यह सीमा 1.80 साल रुपए वार्षिक की जा रही है। यानी एक साल में योजना में तीसरी बार बदलाव किया गया है।
इसके पीछे बड़ी वजह पंजाब का विधानसभा चुनाव भी बताया गया है, जो अगले 5-6 महीने में संभावित हैं।
अभी 9.98 लाख महिलाओं को मिल रहा योजना का लाभ
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इसी 10 अगस्त को सरकार ने योजना की 10वीं किस्त जारी की। फिलहाल 9.98 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है।
अब आय सीमा बढ़ाए जाने से लाभार्थियों की संख्या में करीब 17 लाख और महिलाओं के जुड़ने का अनुमान है। इससे योजना का दायरा पहले के मुकाबले काफी बढ़ जाएगा और कुल लाभार्थियों की संख्या 27 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।
पंजाब में मावां-धीयां सत्कार योजना में आय सीमा नहीं
हरियाणा की योजना की तुलना में पंजाब की मावां-धीयां सत्कार योजना में आय सीमा नहीं रखी गई है। पंजाब में इस योजना के तहत 73.5 लाख से अधिक महिलाओं को पंजीकरण हो चुके हैं। वहीं, 68.5 लाख महिलाओं के बैंक खातों में पैसा पहुंचा है।
पंजाब में सामान्य वर्ग की महिला को 1000 रुपए और एससी वर्ग की महिला को 1500 रुपए मिलते हैं। वहां योजना के लिए आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं है।
लाडो लक्ष्मी योजना में आवेदन कैसे करें, समझें पूरा तरीका
लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करना होगा। एप पर दो महिलाओं की फोटो बनी हुई है। इनमें एक महिला हरियाणवी परिधान में है और दूसरी साड़ी में है। एप पर दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना लिखा हुआ है।
एप डाउनलोड करने के बाद सबसे पहले पात्रता जांचने का ऑप्शन आएगा। इसे ओपन करने पर आवेदक को अपनी जरूरी जानकारी भरनी होगी। इसमें सबसे पहले यह पूछा जाएगा कि क्या आवेदक हरियाणा का रहने वाला है। इसके बाद जेंडर, वैवाहिक स्थिति, जन्मतिथि, रोजगार की स्थिति और परिवार की वार्षिक आय की जानकारी देनी होगी।
आवेदन के लिए ये दस्तावेज और जानकारियां जरूरी
पात्रता जांच के बाद आवेदन करने का ऑप्शन आएगा। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों महिलाओं के लिए अलग-अलग कॉलम हैं। आवेदन के दौरान हरियाणा निवास के लिए प्रमाण पत्र नंबर, आधार कार्ड और उससे जुड़ा हुआ सक्रिय मोबाइल नंबर देना होगा।
इसके अलावा परिवार के सभी सदस्यों का आधार नंबर, ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों का आधार नंबर, बिजली कनेक्शन नंबर और हरियाणा कौशल रोजगार निगम पंजीकरण नंबर भी देना होगा।
यदि आवेदक के पास वाहन है तो उसका वाहन पंजीकरण नंबर भी भरना होगा। इसके साथ ही सक्रिय बैंक खाते का विवरण देना जरूरी होगा।
छह चरणों में पूरा होगा आवेदन
एप पर आगे बढ़ने के बाद आवेदन की प्रक्रिया 6 चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में महिला आवेदक का विवरण भरना होगा। दूसरे चरण में आवास की जानकारी देनी होगी। तीसरे चरण में परिवार के सदस्यों का विवरण भरना होगा।
चौथे चरण में आय का विवरण देना होगा। पांचवें चरण में बैंक खाते से संबंधित जानकारी भरनी होगी। इसके बाद छठे और अंतिम चरण में लाइव फोटो का ऑप्शन मिलेगा।
इस तरह सभी जरूरी जानकारियां और दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार की ओर से आय सीमा बढ़ाने के बाद अब बड़ी संख्या में महिलाओं के इस योजना से जुड़ने की संभावना है।
योजना का दायरा बढ़ने से 17 लाख और महिलाएं जुड़ेंगी
हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत फिलहाल 9.98 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। सरकार की ओर से आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए वार्षिक किए जाने के बाद करीब 17 लाख और महिलाओं के योजना से जुड़ने का अनुमान है।
पोर्टल को 25 सितंबर से खोलने की तैयारी है। ऐसे में पात्र महिलाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद योजना का दायरा और बढ़ जाएगा।
pooja