कट्टों में भरकर मालाएं -गड्डियां ले गए चोर,2 दुकानों में दीवार तोड़कर घुसे,CCTV में कैद आरोपी

भिवानी के घंटाघर चौक पर चोरों ने दीवार तोड़कर दो दुकानों से 10 से 12 लाख रुपए का सामान और नकदी चुराई। वारदात CCTV में कैद हुई।

कट्टों में भरकर मालाएं -गड्डियां ले गए  चोर,2 दुकानों में दीवार तोड़कर घुसे,CCTV में कैद आरोपी

भिवानी के घंटाघर चौक पर 2 दुकानों की दीवार तोड़कर 10 से 12 लाख रुपए की चोरी

➤ चोर नोटों की गड्डियां, करीब 50 मालाएं और गल्ला कट्टों में भरकर ले गए

➤ CCTV में मुंह ढका आरोपी कैद, पुलिस ने फिंगरप्रिंट टीम बुलाकर शुरू की जांच

हरियाणा के भिवानी में चोरों ने शहर के प्रमुख घंटाघर चौक पर बेखौफ होकर दो दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी नोटों की गड्डियां, नोटों की मालाएं और गल्ला चोरी कर ले गए। दोनों दुकानों से करीब 10 से 12 लाख रुपए की चोरी होने का अनुमान है। वारदात के दौरान चोरों ने दुकानों में लगे CCTV कैमरों से बचने की भी कोशिश की, लेकिन एक आरोपी कैमरे में कैद हो गया। उसने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। सुबह दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी मिली और अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला।

घटना के बाद दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। चोरी के बाद एक पीड़ित महिला ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाई। उसने भावुक होकर कहा, "साहब, मालाओं के कट्टे भरकर लेकर गए हैं। बहुत नुकसान हो गया, इतना कमाया नहीं जाएगा। इनको जल्दी से जल्दी पकड़ो।"

सीसीटीवी फुटेज में दुकान के अंदर काउंटर पर घूमता युवक।

फूटी दीवार के रास्ते दुकानों में घुसे चोर, सुबह खुला वारदात का राज

दुकानदार राहुल बंसल ने बताया कि घंटाघर चौक पर उनकी दुकान है, जहां नोटों की मालाएं और शादी-विवाह से जुड़ा सामान रखा जाता है। रात के समय चोरों ने उनकी दुकान के साथ लगती पड़ोस की दुकान को भी निशाना बनाया। राहुल के मुताबिक, उनकी दुकान से करीब 50 नोटों की मालाएं चोरी हुई हैं।

सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की तरफ की दीवार टूटी हुई मिली। पहले उन्हें दीवार टूटने का पता चला और फिर दुकान के अंदर सामान की जांच करने पर चोरी का खुलासा हुआ। पड़ोसियों ने भी उन्हें घटना की जानकारी दी थी। राहुल ने बताया कि अभी दुकान में रखे पूरे सामान की जांच की जा रही है। इसके बाद ही चोरी हुए सामान और कुल नुकसान की सही कीमत का पता चल सकेगा।

गल्ले समेत नोटों की गड्डियां ले गए चोर, CCTV कैमरे का मुंह भी घुमाया

दूसरे दुकानदार साहिल ने बताया कि वह सुबह दुकान पर पहुंचा और शटर खोला तो अंदर पीछे की तरफ से रोशनी आती दिखाई दी। जब वह दुकान के पीछे गया तो दीवार टूटी हुई थी। अंदर सामान की जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान में रखी नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं।

साहिल के अनुसार, दुकान के गल्ले में नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। चोर गल्ले समेत नोटों की गड्डियां उठा ले गए। इसके अलावा नोटों की मालाएं भी चोरी हुई हैं। पड़ोस की दुकान में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज में एक आरोपी दिखाई दे रहा है। उसने कपड़े से अपना मुंह ढका हुआ था। दुकान में घुसने के बाद उसने सबसे पहले CCTV कैमरे का मुंह दूसरी तरफ कर दिया, ताकि उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बावजूद आरोपी की कुछ गतिविधियां फुटेज में कैद हो गईं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

व्यापारी नेता बोले- मुख्य चौक पर पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत

घटना के बाद व्यापारी नेता अभिषेक बंसल ने शहर के प्रमुख बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि घंटाघर चौक शहर का मुख्य चौक है। ऐसे स्थान पर रात के समय पुलिस की नियमित गश्त होनी चाहिए। इसके बावजूद यहां दो दुकानों में चोरी होना शर्मनाक है।

अभिषेक बंसल ने कहा कि यदि पुलिस पहले से गश्त कर रही है तो उसे और बढ़ाने की जरूरत है। चोरों ने दीवार तोड़कर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया, लेकिन रात के समय वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उनके अनुसार, दोनों दुकानदारों को करीब 5 से 6 लाख रुपए प्रति दुकान का नुकसान होने का अनुमान है। चोर नई नोटों की गड्डियां और नोटों की मालाएं चोरी कर ले गए।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश, फिंगरप्रिंट टीम ने शुरू की जांच

सिटी थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि सुबह दुकानदारों की ओर से चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों दुकानों के पीछे स्कूल की बिल्डिंग है, जहां कोई नहीं रहता। चोर इसी तरफ से पीछे की दीवार तोड़कर दोनों दुकानों में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि अभी चोरी हुए सामान की कुल कीमत स्पष्ट नहीं है। दुकानदारों की शिकायत मिलने के बाद चोरी हुए सामान और नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। मौके पर फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।

पुलिस के अनुसार, एक आरोपी दुकान में लगे CCTV कैमरे में मुंह ढके हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।