अस्पताल में BJP नेत्री से मारपीट,डिप्टी CMO पर गाली देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जींद के नागरिक अस्पताल में भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष कौशल्या देवी ने डिप्टी सीएमओ पर अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाए। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
➤ पुत्रवधू का सीटी स्कैन कराने जिला नागरिक अस्पताल पहुंची थीं कौशल्या देवी
➤ महिला नेत्री ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर मारपीट व अपमानजनक व्यवहार के आरोप लगाए
➤ डिप्टी CMO ने आरोपों को निराधार बताया, पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शुरू की जांच
हरियाणा के जींद स्थित जिला नागरिक अस्पताल में भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। गांव कंडेला निवासी कौशल्या देवी गुरुवार को अपनी पुत्रवधू का सीटी स्कैन कराने अस्पताल पहुंची थीं। आरोप है कि कमरा नंबर 22 में जाने के दौरान उनकी डॉक्टर से कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला नेत्री ने डॉक्टर सहित अस्पताल के कुछ कर्मचारियों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। कौशल्या देवी का यह भी दावा है कि भाजपा से जुड़ा होने की बात कहने पर उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें कथित तौर पर 'कुत्ता' कहकर बुलाया गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर भाजपा के अन्य नेता भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला नेत्री, डिप्टी CMO और अस्पताल के कर्मचारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दूसरी ओर, डिप्टी CMO डॉ. राजेश भोला ने महिला नेत्री की ओर से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि विवाद सीटी स्कैन की पर्ची और अस्पताल के कर्मचारियों के बीच हुए घटनाक्रम को लेकर हुआ था।
कौशल्या देवी ने लगाए ये आरोप
कौशल्या देवी ने बताया कि वह भाजपा पिंडारा मंडल महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं। गुरुवार को वह अपनी पुत्रवधू का सीटी स्कैन कराने के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंची थीं। इसके लिए वह कमरा नंबर 22 में पर्ची बनवाने गईं। उनका आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर भोला ने उनके साथ गलत व्यवहार किया और उन्हें कमरे से बाहर जाने के लिए कहा।
महिला नेत्री के अनुसार, उन्होंने डॉक्टर को बताया कि वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हैं। इस पर डॉक्टर ने कथित तौर पर उन्हें उंगली दिखाते हुए वहां से चले जाने को कहा। इसके बाद वह कमरे से बाहर आकर बैठ गईं।
कौशल्या देवी का आरोप है कि कुछ समय बाद उन्हें फोन करके दोबारा कमरे में बुलाया गया। उनका दावा है कि अंदर से आवाज लगाते हुए उन्हें अपमानजनक शब्द कहे गए और कथित तौर पर 'ओए कुत्ते, अंदर आ' कहकर बुलाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह दोबारा कमरे में पहुंचीं तो वहां सात से आठ लोग मौजूद थे। उनके मुताबिक, इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम में डॉक्टर भोला की मुख्य भूमिका होने का आरोप लगाया है।
कंधे और गर्दन पर चोट लगने का दावा
कौशल्या देवी ने बताया कि कथित मारपीट के दौरान उनके कंधे और गर्दन पर चोटें आई हैं। उनके साथ आए एक-दो अन्य लोगों को भी चोट लगने की बात कही गई है। उन्होंने अस्पताल में मौजूद गार्ड के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई।
महिला नेत्री के अनुसार, उन्होंने गार्ड से पूछा था कि आखिर उनकी गलती क्या थी। इस पर गार्ड ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कौशल्या देवी ने दावा किया कि पूरा विवाद कमरा नंबर 22 में ही हुआ।
डिप्टी CMO ने बताई अलग कहानी
डिप्टी CMO डॉ. राजेश भोला ने महिला नेत्री के आरोपों को खारिज करते हुए घटनाक्रम का अलग पक्ष सामने रखा। उन्होंने बताया कि भाजपा के कुछ मंडल पदाधिकारी उनके पास आए थे और सीटी स्कैन कराने की बात कही थी। इस पर उन्होंने मरीज की पर्ची बनवाने के लिए कहा।
डॉ. भोला के अनुसार, पर्ची लेकर आने के बाद उन्होंने मरीज को अंदर बुलाने के निर्देश दिए। इसी दौरान एक महिला कान पर फोन लगाकर कमरे में आने लगी। जब उसे रोका गया तो उसने बताया कि उसकी ऑनलाइन मीटिंग चल रही है। इसके बाद उन्होंने सीटी स्कैन विभाग के प्रमुख को फोन कर दो स्कैन करने के लिए कहा।
पर्ची छीनने के बाद कर्मचारियों में हाथापाई का दावा
डॉ. भोला ने बताया कि मरीज जब वार्ड ब्वाय अमित के साथ सीटी स्कैन कराने जा रहा था, तभी एचकेआरएन के फायरमैन अंकित ने उसके हाथ से पर्ची छीन ली। उन्होंने अंकित को फोन करके ऐसा नहीं करने के लिए कहा। डिप्टी CMO के मुताबिक, इसके बाद अंकित और वार्ड ब्वाय अमित के बीच हाथापाई हो गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल से जाते समय खुद को मंडल अध्यक्ष बताने वाले रेढ़ू ने वार्ड ब्वाय अमित को बाहर निकलने पर देख लेने की धमकी दी। डॉ. भोला ने स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर की पूछताछ
अस्पताल में विवाद और हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले कौशल्या देवी से बातचीत कर उनका पक्ष जाना। इसके बाद डिप्टी CMO और अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से भी घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से सामने आए अलग-अलग बयानों के बीच जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
20 दिन पहले भी अस्पताल में हुआ था विवाद
जींद के जिला नागरिक अस्पताल में मारपीट और विवाद का यह पहला मामला नहीं है। करीब 20 दिन पहले रोहतक रोड निवासी सन्नी और उनकी पत्नी ने भी अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर मारपीट करने के आरोप लगाए थे। उस घटना के वीडियो भी सामने आए थे।
उस मामले के बाद अस्पताल प्रशासन ने सीटी स्कैन सेंटर पर तैनात गार्ड को हटा दिया था। दंपति की शिकायत पर गार्ड, डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वहीं, डॉक्टर की शिकायत पर दंपति के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ था।
मामला सामने आने के बाद हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा भी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए CMO और PMO को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
Akhil Mahajan