फोन हैक कर खाते से निकाले 98,888 रुपए, गूगल-पे से दो बार में निकाली रकम
रोहतक में मोबाइल हैक कर गूगल-पे से 98,888 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। चार्जिंग के दौरान फोन ऑटो अपडेट हुआ, पुलिस ने केस दर्ज किया।
रोहतक में मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 98 हजार 888 रुपए
➤ चार्जिंग पर लगाते ही फोन अपने आप होने लगा ऑटो अपडेट, पीड़ित बोला- मोबाइल पर नहीं था कंट्रोल
➤ गूगल-पे से दो बार में निकाली रकम, साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
हरियाणा के रोहतक में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां मोबाइल फोन हैक कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 98 हजार 888 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, उसने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान फोन अपने आप ऑटो अपडेट होने लगा और उस पर उसका कोई कंट्रोल नहीं रहा। फोन ठीक होने के बाद उसके पास दो मैसेज आए, जिनसे खाते से पैसे निकलने का पता चला। साइबर ठगों ने गूगल-पे के माध्यम से दो बार में रकम निकाली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूर्या कॉलोनी निवासी मंजीत ने पुलिस को बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उसने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान फोन में अपने आप ऑटो अपडेट शुरू हो गया। मंजीत के अनुसार, इस दौरान मोबाइल उसके कंट्रोल से बाहर था। कुछ समय बाद जब फोन ठीक हुआ तो उसे दो मैसेज मिले। इन मैसेज से पता चला कि उसके बैंक खाते से रकम निकाली जा चुकी है।
गूगल-पे से दो बार में निकाले 98,888 रुपए
पीड़ित मंजीत के अनुसार, मोबाइल फोन हैक करने के बाद आरोपी ने पहली बार में 50 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद दूसरी बार में 48 हजार 888 रुपए की रकम खाते से निकाल ली गई। इस तरह उसके खाते से कुल 98 हजार 888 रुपए निकल गए।
खाते से रकम निकलने का पता चलने पर मंजीत ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके शिकायत दर्ज करवाई। उसने शिकायत के साथ गूगल-पे के स्क्रीनशॉट और बैंक की स्टेटमेंट भी लगाई, ताकि लेनदेन से संबंधित जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई जा सके।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन के जरिए ठगी कैसे की गई और रकम निकालने के पीछे कौन शामिल है।
APK फाइल भेजकर भी साइबर ठगी कर रहे अपराधी
साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से निशाना बना रहे हैं। APK फाइल भेजकर ठगी करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इन फाइलों को गाड़ी के चालान और शादी के कार्ड जैसे बहानों से भेजा जा रहा है।
ऐसे मामलों में साइबर अपराधी पढ़े-लिखे लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। दूसरी तरफ पुलिस लोगों को साइबर अपराध के तरीकों के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है, ताकि वे इस तरह की ठगी से बच सकें।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दर्ज किया केस
साइबर क्राइम थाना इंचार्ज बाबू राम ने बताया कि मोबाइल फोन हैक करके बैंक खाते से राशि निकालने की शिकायत मिली है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और साइबर फ्रॉड करने वाले आरोपी को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
Akhil Mahajan