कॉलेज में छात्राओं की भिड़ंत,चोटी पकड़कर मारपीट, प्रिंसिपल की सख्त चेतावनी, देखें वीडियो

रोहतक के पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज में छात्राओं के दो गुटों के बीच मारपीट हुई। वीडियो वायरल होने पर महिला ग्रीवेंस सेल ने समझौता कराया, प्रिंसिपल ने रस्टिकेट करने की चेतावनी दी।

कॉलेज में छात्राओं की भिड़ंत,चोटी पकड़कर मारपीट, प्रिंसिपल की सख्त चेतावनी, देखें वीडियो

रोहतक के पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में छात्राओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट

➤ कॉलेज परिसर में दो अलग-अलग जगहों पर हुई हाथापाई, चोटी पकड़कर एक-दूसरे को पीटा; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

➤ महिला ग्रीवेंस सेल ने दोनों पक्षों में कराया समझौता, प्रिंसिपल सुरेंद्र सांगवान ने दी रस्टिकेट करने की चेतावनी

रोहतक। हरियाणा के रोहतक स्थित पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में छात्राओं के दो गुटों के बीच हुई मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों गुटों की छात्राएं आपस में भिड़ गईं। कॉलेज परिसर में अलग-अलग जगहों पर दो बार हाथापाई हुई। इस दौरान छात्राओं ने एक-दूसरे के बाल और चोटी पकड़कर मारपीट की। घटना का वीडियो किसी छात्र ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

रोहतक के पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में आपस में मारपीट करते हुए छात्राएं। - Dainik Bhaskar

वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन तक शिकायत पहुंची। प्रिंसिपल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे कॉलेज की महिला ग्रीवेंस सेल को सौंप दिया। सेल की प्रोफेसरों ने दोनों गुटों की छात्राओं को बुलाकर उनकी बात सुनी और आपसी समझौता करवा दिया। फिलहाल कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं को चेतावनी देकर मामला सुलझाया है।

कॉलेज प्रिंसिपल सुरेंद्र सांगवान ने साफ कहा है कि दोनों गुटों के बीच दोबारा झगड़े की शिकायत मिली तो छात्राओं को रस्टिकेट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज का माहौल किसी भी सूरत में खराब नहीं होने दिया जाएगा।

कॉलेज परिसर में दो अलग-अलग जगहों पर हुई मारपीट

कॉलेज परिसर में झगड़ा करते हुए छात्राएं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कॉलेज में छात्राओं के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्राएं एक-दूसरे से हाथापाई करने लगीं।

कॉलेज परिसर में यह झगड़ा एक ही जगह नहीं हुआ, बल्कि अलग-अलग स्थानों पर दो बार दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान छात्राओं ने एक-दूसरे को पकड़कर खींचा और हाथापाई की। मौके पर मौजूद किसी छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद मारपीट का वीडियो वायरल हो गया और मामला कॉलेज प्रशासन तक पहुंच गया।

कॉलेज में छात्र-छात्राओं के अलग-अलग गुट बने होने की चर्चा

कॉलेज परिसर में मारपीट करते हुए छात्राएं।

कॉलेज में छात्र-छात्राओं के अलग-अलग गुट बने होने की चर्चा है। आमतौर पर कॉलेजों में विवाद और मारपीट के मामले छात्र गुटों के बीच सामने आते रहे हैं। कई बार ऐसे झगड़े गंभीर रूप भी ले चुके हैं।

हालांकि, छात्राओं के बीच इस तरह मारपीट के मामले कम ही देखने को मिलते हैं। पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में छात्राओं के दो गुटों के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर कॉलेज परिसर में आपसी विवाद और गुटबाजी को लेकर चर्चा शुरू कर दी है।

एमडीयू और डीएलएफ कॉलोनी में भी सामने आ चुके हैं मारपीट के मामले

रोहतक में छात्राओं के बीच मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक महीने पहले एमडीयू में दो-तीन छात्राओं द्वारा एक युवक की पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवक छात्राओं के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा था, जबकि छात्राएं उसे थप्पड़ मार रही थीं।

इसी तरह कुछ दिन पहले डीएलएफ कॉलोनी में कोचिंग सेंटर के पास भी छात्राओं के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों की छात्राओं ने एक-दूसरे पर थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाए थे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, उस मामले में किसी भी गुट की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी।

महिला ग्रीवेंस सेल ने दोनों गुटों की बात सुनकर कराया समझौता

पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज में छात्राओं के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद शिकायत प्रिंसिपल सुरेंद्र सांगवान तक पहुंची। उन्होंने मामले को कॉलेज की महिला ग्रीवेंस सेल के पास भेज दिया।

सेल में शामिल प्रोफेसरों ने दोनों गुटों की छात्राओं को बुलाकर उनकी बात सुनी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाई गई और आपसी समझौता करा दिया गया। कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल मामले में सख्त कार्रवाई करने के बजाय छात्राओं को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी है।

दोबारा झगड़ा किया तो रस्टिकेट कर देंगे: प्रिंसिपल

कॉलेज प्रिंसिपल सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि छात्राओं के बीच झगड़े की शिकायत मिली थी। इसके बाद दोनों गुटों की छात्राओं को बुलाकर समझौता करवा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा झगड़े की शिकायत मिली तो उन्हें कॉलेज से रस्टिकेट कर दिया जाएगा। कॉलेज का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।