राहुल मलिक ह*त्याकांड का खुलासा: बचपन का दोस्त आर्यन और साहिल गिरफ्तार
पानीपत में राहुल मलिक हत्याकांड में बचपन के दोस्त आर्यन और साहिल गिरफ्तार। पुलिस वीडियो, हत्या की कथित साजिश और दो पिस्टल मंगवाने के दावे की जांच कर रही है।
मेरिका से डिपोर्ट राहुल मलिक हत्याकांड में बचपन का दोस्त आर्यन और साहिल गिरफ्तार
➤ पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद साहिल ने वीडियो बनाकर खुद को सरकारी गवाह के रूप में पेश करने की कोशिश की
➤ वीडियो में एक अन्य युवक की हत्या की साजिश और दो पिस्टल मंगवाने का दावा, पुलिस कर रही जांच
पानीपत। अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटे पानीपत के युवक राहुल मलिक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों आर्यन और साहिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है। थाना सेक्टर-29 के इंस्पेक्टर रॉबिन नैन ने बताया कि हत्या की साजिश में साहिल की अहम भूमिका सामने आई है। पुलिस पूछताछ में कई अहम बातें सामने आई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, साहिल की राहुल से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन वह उससे ईर्ष्या रखता था। साहिल भी अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था और अब यूरोप जाना चाहता था। आरोप है कि वारदात के बाद उसने घटनास्थल का वीडियो बनाया और फिर थाने के बाहर भी वीडियो रिकॉर्ड की। पुलिस को शक है कि इन वीडियो के जरिए वह खुद को हत्या से अलग दिखाकर सरकारी गवाह बनने की कोशिश कर रहा था।
मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। थाने के बाहर बनाई गई वीडियो में साहिल कथित तौर पर एक अन्य युवक की हत्या की योजना और दो पिस्टल मंगवाए जाने की बात कहता दिखाई दे रहा है। पुलिस इन दावों और वीडियो में लिए गए नामों की जांच कर रही है।
शराब पीने के दौरान राहुल और आर्यन में हुआ विवाद
थाना सेक्टर-29 के इंस्पेक्टर रॉबिन नैन के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की शुरुआत शराब के नशे में राहुल और आर्यन के बीच हुए विवाद से हुई। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान राहुल ने अपने पास रखा चाकू निकालकर आर्यन पर वार कर दिया। आर्यन किसी तरह बच गया। इसके बाद आर्यन और साहिल ने राहुल से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर कई वार किए।
पुलिस का कहना है कि राहुल करीब डेढ़ घंटे तक घायल अवस्था में फर्श पर पड़ा तड़पता रहा। वारदात के बाद सामने आए वीडियो में वह खून से लथपथ दिखाई दे रहा है। कमरे के फर्श पर खून फैला हुआ था और वहां शराब की बोतलें भी पड़ी थीं। बाद में राहुल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बीच-बचाव करने आए नौकर के हाथ में लगा चाकू
इंस्पेक्टर रॉबिन नैन के अनुसार, घटना के समय मौके पर मौजूद नौकर नितेश ने राहुल और आर्यन के बीच हो रहे झगड़े को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान चाकू उसके हाथ में लग गया। घायल होने के बाद वह वहां से बाहर निकल गया।
पुलिस के मुताबिक, नितेश के जाने के बाद घटनास्थल पर राहुल, आर्यन, साहिल और गांव का सुरेंद्र मौजूद थे। सुरेंद्र ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह शराब के नशे में इतना धुत था कि झगड़ा रुकवाने में सफल नहीं हो सका।
पुलिस जांच के अनुसार, राहुल की पीठ, छाती और पेट पर चाकू से वार किए गए थे। वारदात के बाद का वीडियो भी जांच का हिस्सा है। पुलिस घटनाक्रम और मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका की कड़ियां जोड़ रही है।
वीडियो बनाकर सरकारी गवाह बनने की कोशिश का आरोप
इस मामले में साहिल की ओर से बनाई गई वीडियो भी अहम मानी जा रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, साहिल ने वारदात के बाद घटनास्थल की वीडियो बनाई और फिर थाने के बाहर पहुंचकर भी वीडियो रिकॉर्ड की।
पुलिस को आशंका है कि साहिल इन वीडियो के जरिए खुद को ऐसा व्यक्ति दिखाना चाहता था, जिसका हत्या में कोई हाथ नहीं है। जांच के अनुसार, वह खुद को घटनास्थल पर मौजूद गवाह के रूप में पेश कर मामले से अलग दिखने की कोशिश कर रहा था।
थाने के बाहर बनाई गई वीडियो में साहिल कई लोगों के नाम लेते हुए कथित तौर पर फोन बंद करवाने, करनाल ले जाने और दूसरे युवक की हत्या की योजना से जुड़ी बातें कहता नजर आ रहा है। वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
वीडियो में दूसरे युवक की हत्या की साजिश का दावा
वीडियो में साहिल अपना परिचय यशपाल का बेटा और नांगल खेड़ी (गढ़ी) का निवासी बताते हुए राहुल मलिक की हत्या के बाद की घटनाओं का जिक्र करता है। उसके कथित बयान के अनुसार, राहुल की हत्या के बाद राकू और राकू का भाई उसे और आर्यन को करनाल ले गए थे। साहिल का दावा है कि वहां उनके फोन बंद करवा दिए गए और कहा गया कि फोन तथा लोकेशन ट्रेस हो सकती हैं।
वीडियो में साहिल यह भी कहता नजर आता है कि बाद में उन्हें पता चला कि गांव के गरड़े नाम के व्यक्ति ने आरोपियों के नाम लिखवाए हैं। इसके बाद, उसके दावे के मुताबिक, 30 एमएम की दो पिस्टल मंगवाई गईं। वीडियो में आर्यन को उत्तर प्रदेश के राजा भैया के राइट हैंड बताए गए भोला के पास जाने की बात कहे जाने का भी जिक्र है।
साहिल के कथित बयान के अनुसार, अगले दिन कुछ लोग उसे लेने आए और उससे यह बयान देने को कहा कि झगड़े की वीडियो बनाते समय वे दुकान पर सामान लेने गए हुए थे। वीडियो में वह आगे दावा करता है कि गांव के गरड़े की हत्या की साजिश राकू और पूनिया नाम का व्यक्ति बना रहे हैं और इसके लिए दो पिस्टल मंगवाई गई हैं।
वीडियो में कथित तौर पर कुछ अन्य लोगों को लेकर भी धमकी भरी बातें कही गई हैं। हालांकि, इन आरोपों और दावों की पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि वीडियो में कही गई बातों में कितनी सच्चाई है।
राहुल और आर्यन बचपन के दोस्त थे, साथ गए थे अमेरिका
इस हत्याकांड का एक अहम पहलू यह है कि राहुल मलिक और आरोपी आर्यन बचपन के दोस्त थे। दोनों पानीपत के नांगल खेड़ी गांव के रहने वाले थे और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे।
दोनों बेहतर भविष्य की उम्मीद में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गए थे, लेकिन वहां से उन्हें डिपोर्ट कर दिया गया था। साहिल भी अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में दोस्त बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस वजह से बढ़ा और वारदात में किसकी क्या भूमिका रही।
परिवार ने चार युवकों पर लगाए थे आरोप, जीटी रोड पर लगाया था जाम
राहुल की हत्या के बाद उसके परिजनों ने गांव के ही युवकों पर वारदात में शामिल होने के आरोप लगाए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से नाराज परिजनों ने नागरिक अस्पताल के बाहर जीटी रोड पर जाम लगा दिया था। पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया था।
इसके बाद राहुल के पिता राकेश मलिक की शिकायत पर औद्योगिक सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। प्राथमिकी में आर्यन, राकू और रिंकू समेत एक अन्य युवक को नामजद किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया था।
अब पुलिस ने आर्यन और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर रॉबिन नैन के मुताबिक, पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan