कांग्रेस विधायक की बेटी का निकाह,CM नायब सैनी, हुड्डा समेत कई नेता पहुंचे

हरियाणा के कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का निकाह शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज से हुआ। समारोह में CM नायब सैनी, भूपेंद्र हुड्डा समेत कई नेता पहुंचे।

कांग्रेस विधायक की बेटी का निकाह,CM नायब सैनी, हुड्डा समेत कई नेता पहुंचे

कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का अरबाज खान से निकाह, दिल्ली में हुईं रस्में

➤ मुख्यमंत्री नायब सैनी, भूपेंद्र हुड्डा समेत भाजपा-कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शादी में पहुंचे

➤ भाजपा प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन के बेटे हैं अरबाज, अफशां ने मास कम्युनिकेशन में की है मास्टर्स

हरियाणा में जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का निकाह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज खान के साथ हुआ। रविवार रात नई दिल्ली में आयोजित निकाह समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। समारोह में मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी पहुंचे।

दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित PSOI क्लब में निकाह की रस्में हुईं। समारोह में राजनीतिक दलों से जुड़े कई प्रमुख चेहरे एक साथ नजर आए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अफशां और अरबाज को शादी की बधाई दी। हरियाणा कांग्रेस के कई विधायकों ने भी नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।

शादी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधायक अकरम खान से बातचीत की। वहीं, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ के पहुंचने पर अकरम खान ने उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान गुलाम नबी आजाद और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को शाहनवाज हुसैन से बातचीत करते हुए भी देखा गया।

मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स हैं अफशां, अरबाज करते हैं कारोबार

अफशां ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि अरबाज खान इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का कारोबार करते हैं। दोनों की अरेंज मैरिज हुई है।

बेटी की शादी के लिए विधायक अकरम खान ने कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया था। वह राहुल गांधी को शादी का न्योता देने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ बेटा, बेटी और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी मौजूद थीं।

1996 में पहली बार विधायक बने थे अकरम खान

जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान यमुनानगर जिले के गांव खिजरी के रहने वाले हैं। उन्होंने 1989 में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ वह कृषि कार्य से भी जुड़े हैं। उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है।

अकरम खान के पिता चौधरी मोहम्मद असलम खान 1987 और 1991 में छछरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उनके दादा चौधरी अब्दुल रशीद खान भी स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे थे।

अकरम खान ने वर्ष 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इसके बाद 2009 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जगाधरी विधानसभा सीट से चुनाव जीता। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए।

वर्ष 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में अकरम खान ने कांग्रेस के टिकट पर जगाधरी सीट से चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 67,403 वोट मिले और वह विधायक निर्वाचित हुए।

अकरम खान इससे पहले भी सरकार में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वर्ष 1999 में ओमप्रकाश चौटाला की सरकार में उन्हें गृह राज्य मंत्री बनाया गया था। इसके बाद वह डिप्टी स्पीकर भी रहे। वर्ष 2010 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार के दौरान भी वह डिप्टी स्पीकर रहे।

शाहनवाज हुसैन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रहे केंद्रीय मंत्री

अरबाज खान के पिता सैयद शाहनवाज हुसैन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं। उनका जन्म 12 दिसंबर 1968 को बिहार के सुपौल में हुआ था। उनके पिता का नाम सैयद नासिर हुसैन और मां का नाम नसीमा खातून था। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया।

शाहनवाज हुसैन ने 1994 में रेणु शर्मा से शादी की थी। उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम अरबाज हुसैन और अदीब हुसैन हैं।

उन्होंने वर्ष 1999 में बिहार की किशनगंज लोकसभा सीट से पहली बार सांसद का चुनाव जीता। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उन्हें खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, कोयला, नागरिक उड्डयन और कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सितंबर 2001 में वह केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री बने।

शाहनवाज हुसैन वर्ष 2006 और 2009 में भागलपुर से भी सांसद चुने गए। फरवरी 2021 में उन्हें बिहार की नीतीश कुमार सरकार में उद्योग मंत्री बनाया गया। वह अगस्त 2022 तक इस पद पर रहे। फिलहाल वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।