इटली की डिजाइनर गुरुग्राम में ठगी की शिकार, शादी का झांसा देकर AI क्रिएटर ने ऐठे पैसे
इटली की ज्वैलरी डिजाइनर से गुरुग्राम के AI क्रिएटर ने शादी का झांसा देकर 97 हजार रुपये ठगे। न्याय पाने के लिए महिला इटली से भारत पहुंची, पुलिस ने दर्ज की FIR।
इटली की महिला गुरुग्राम में ठगी की शिकार
➤ AI क्रिएटर ने शादी का झांसा देकर ऐंठे
➤ साइबर ठग की तलाश में भारत पहुंची महिला
इटली की एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी डिजाइनर डेनिएला डी पिएत्री सोशल मीडिया पर शुरू हुए प्रेम प्रसंग के नाम पर खतरनाक ‘लव बॉम्बिंग’ और साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गईं। गुरुग्राम के एक शातिर युवक ने खुद को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फिल्म क्रिएटर और ज्वैलरी डिजाइनर बताकर उनके साथ संपर्क साधा। शुरुआत में आरोपी ने उनके ज्वैलरी कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए मुफ्त में आकर्षक AI वीडियो तैयार किए, जिससे महिला का उस पर अटूट भरोसा बन गया। इसके बाद उसने शादी का सपना दिखाकर और अपनी नौकरी जाने का झूठा बहाना बनाकर आर्थिक मदद के नाम पर पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। डेनिएला ने वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से दो बार में कुल नौ सौ यूरो यानी लगभग सत्तानवे हजार रुपये ट्रांसफर किए।
हालाँकि, लगातार बढ़ती मांग और बदलते रवैये के कारण जब महिला को शक हुआ, तो उसने आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों को खंगाला, जहां उसकी संदिग्ध हरकतें सामने आईं। इटली की स्थानीय पुलिस से अंतरराष्ट्रीय कानूनी औपचारिकताओं के कारण मदद न मिलने पर साहसी महिला ने खुद भारत आने का कठिन निर्णय लिया। इस दौरान उसने अकेले यात्रा, वीजा और ठहरने पर दो लाख रुपये से अधिक खर्च किए और गुरुग्राम पहुंचकर साइबर क्राइम पुलिस के समक्ष अपनी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम वेस्ट शाखा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल प्रभाव से प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसीपी गौरव फोगाट ने बताया कि आरोपी की पहचान अखिल के रूप में हो चुकी है और उसके दो इंस्टाग्राम अकाउंट भी पुलिस के हाथ लग गए हैं, जिनका संचालन वह करता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला का हौसला और स्पष्ट इरादा वाकई सराहनीय है, क्योंकि वह केवल अपने पैसों की रिकवरी के लिए नहीं बल्कि अन्य विदेशी महिलाओं को इस जाल से बचाने के लिए भारत आई है। पुलिस टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और बहुत जल्द उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Akhil Mahajan