हरियाणा में कार की टक्कर से युवक की मौ*त, चालक वाहन छोड़कर फरार
गुरुग्राम के बिलासपुर चौक के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से रेवाड़ी निवासी संदीप कुमार की मौत हो गई। आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, पुलिस जांच में जुटी है।
गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत
रेवाड़ी निवासी संदीप कुमार की मौके पर ही गई जान
हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुआ चालक, केस दर्ज
गुरुग्राम के बिलासपुर चौक के निकट पुराने टोल प्लाजा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेवाड़ी के धारूहेड़ा स्थित नंदरामपुर बास निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
मृतक के साले सोनू यादव की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खलीलपुर निवासी सोनू यादव ने बताया कि 19 जून को वह अपनी बड़ी बहन मोनिका के साथ मोटरसाइकिल पर भोड़ाकला से अपने घर लौट रहा था। उनके जीजा संदीप कुमार अपनी बाइक पर आगे चल रहे थे।
दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे बिलासपुर चौक से पहले पुराने टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो धारूहेड़ा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने संदीप कुमार की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संदीप बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान कार का अगला हिस्सा संदीप के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक अपनी कार घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद घायल संदीप को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम मोर्चरी भेज दिया। जांच अधिकारी एसआई मोहम्मद जाहिद ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
pooja