पॉश सोसाइटी में अवैध शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा सेक्टर-31 के फ्लैट से 292 बोतल विदेशी शराब बरामद
गुरुग्राम के सेक्टर-31 स्थित नवकेतन अपार्टमेंट के फ्लैट में पुलिस और एक्साइज विभाग ने छापेमारी कर 292 बोतल विदेशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
गुरुग्राम की पॉश सोसाइटी के फ्लैट से 292 बोतल विदेशी शराब बरामद
एक्साइज विभाग और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर पकड़ा अवैध स्टॉक
आरोपी विक्रम यादव के खिलाफ एक्साइज एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
हरियाणा के गुरुग्राम में पॉश इलाके की एक सोसाइटी में अवैध शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा गया है। सेक्टर-31 स्थित नवकेतन अपार्टमेंट सोसाइटी के एक फ्लैट में एक्साइज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 292 बोतल विदेशी शराब बरामद की है।
इस मामले में आरोपी विक्रम यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस और एक्साइज विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नवकेतन अपार्टमेंट की फर्स्ट फ्लोर स्थित एक फ्लैट में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का स्टॉक किया गया है और वहां से शराब की सप्लाई भी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस और एक्साइज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान फ्लैट के अंदर अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गई 292 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में कई महंगी विदेशी ब्रांड शामिल बताई जा रही हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि शराब केवल निजी इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि बिक्री और तस्करी के उद्देश्य से भी रखी गई थी।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है।
अधिकारी ने कहा कि अब पॉश सोसाइटियों और रिहायशी इलाकों में भी अवैध शराब का स्टॉक करने के मामले सामने आ रहे हैं, जिस पर विभाग सख्ती से कार्रवाई करेगा।
आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट, IPC की विभिन्न धाराओं और GST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
pooja