भारतीय संस्कृति के रंगों में रंगे विदेशी छात्र, मंत्रोच्चारण के बीच हुआ दीप प्रज्ज्वलन
डीपीएस पानीपत सिटी में कनाडा के दो स्कूलों के छात्रों और शिक्षकों ने अंतर्राष्ट्रीय एक्सचेंज कार्यक्रम में भाग लिया। भारतीय परंपरा से स्वागत कर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया गया।
➤ डीपीएस पानीपत सिटी में कनाडा के स्कूलों से अंतर्राष्ट्रीय एक्सचेंज कार्यक्रम आयोजित
➤ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से किया गया अतिथियों का स्वागत
➤ सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक मित्रता बढ़ाने पर हुआ ज़ोर
समालखा | अशोक शर्मा
डीपीएस पानीपत सिटी में मंगलवार को एक विशेष अवसर देखने को मिला, जब कनाडा के दो स्कूलों के अध्यापक और छात्र अंतर्राष्ट्रीय एक्सचेंज कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय पहुँचे। विद्यालय परिसर में उनका स्वागत भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुरूप किया गया।
विद्यालय के छात्रों ने अतिथियों का तिलक लगाकर और पुष्प माला पहनाकर अभिनंदन किया। तत्पश्चात मंत्रोच्चारण की ध्वनि के बीच विद्यालय की कॉर्डिनेटर आभा विषाद और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने वाले गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अतिथियों ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए अनुशासन और शिक्षण स्तर की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्रों में हिस्सा लिया और वैश्विक मित्रता, शिक्षा के मूल्य और सांस्कृतिक एकता जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के विद्यार्थियों ने अपनी संस्कृतियों, परंपराओं और अनुभवों का आदान-प्रदान किया। विद्यालय के प्रो. वाइस चेयरमैन अमित राणा ने कहा कि इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों का उद्देश्य न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है, बल्कि विभिन्न देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच स्थायी और मजबूत बंधन स्थापित करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और विद्यार्थियों ने “वसुधैव कुटुम्बकम्” के भाव को साकार करते हुए सबको एक परिवार का हिस्सा माना।
Author1