प्रॉपर्टी डीलर की हत्या: ऑफिस में घुसकर चाकुओं से हमला, खून से लथपथ मिला शव

यमुनानगर के फरकपुर गांव में प्रॉपर्टी डीलर कलीराम की ऑफिस में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शव खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से जांच कर रही है।

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या: ऑफिस में घुसकर चाकुओं से हमला, खून से लथपथ मिला शव

➤ ऑफिस के अंदर खून से लथपथ मिला प्रॉपर्टी डीलर
➤ छाती पर 5 से 6 चाकू के वार के निशान
➤ प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका, CCTV खंगाल रही पुलिस


हरियाणा के यमुनानगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना फरकपुर गांव की है, जहां प्रॉपर्टी डीलर का शव उनके ऑफिस के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। बदमाशों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया था।

घटना की सूचना मिलते ही फरकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए SP कमलदीप गोयल भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है।

मृतक की पहचान कलीराम (64) निवासी फरकपुर गांव के रूप में हुई है। कलीराम कई वर्षों से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे। परिवार में उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा राजेश अमेरिका में रहता है, जबकि दोनों बेटियां गुरुग्राम में रहती हैं।

रोज की तरह घर नहीं पहुंचे तो परिवार को हुई चिंता

परिजनों के अनुसार कलीराम रोजाना दोपहर करीब 12 बजे खाना खाने घर आते थे, लेकिन शुक्रवार को वह घर नहीं पहुंचे। काफी देर इंतजार करने के बाद परिवार को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने अपने परिचित भीम को फोन कर ऑफिस जाकर देखने के लिए कहा। भीम की बिजली की दुकान कलीराम के ऑफिस के ठीक सामने है। जब वह दुकान के अंदर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। कलीराम जमीन पर खून से लथपथ पड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी गई।

छाती पर मिले कई वार के निशान

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने कलीराम की छाती पर कई बार चाकू से हमला किया। पुलिस के अनुसार उनकी छाती पर 5 से 6 गहरे वार के निशान मिले हैं। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे कोई प्रॉपर्टी विवाद हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।

भतीजे ने कहा- किसी से कोई दुश्मनी नहीं

मृतक के भतीजे संजीव ने बताया कि शाम करीब 5 बजे उन्हें हत्या की सूचना मिली। इसके बाद पूरा परिवार मौके पर पहुंचा।उन्होंने कहा, “चाचा कई सालों से प्रॉपर्टी का काम कर रहे थे। परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। किसने और क्यों यह किया, अभी कुछ समझ नहीं आ रहा।” घटना की सूचना मिलने के बाद अमेरिका में रह रहे बेटे राजेश ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार से बात की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

SP कमलदीप गोयल ने बताया कि पुलिस को शाम करीब साढ़े 5 बजे सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही CIA और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।