हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज से, 4 नए विधेयक पेश करेगी सरकार; हुड्डा समेत कई विधायकों पर रिपोर्ट
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू होगा। सरकार चार नए विधेयक पेश करेगी, जबकि कांग्रेस कानून-व्यवस्था और कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी।
➤ हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू, पहले दिन हंगामे के आसार
➤ सरकार 4 अहम संशोधन विधेयक पेश करेगी, कई अध्यादेश और वार्षिक रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएंगी
➤ हुड्डा समेत 7 कांग्रेस विधायकों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की प्रारंभिक रिपोर्ट होगी पेश
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज (वीरवार) सुबह 11:00 बजे चंडीगढ़ स्थित विधान भवन में शुरू होगा। सत्र के पहले ही दिन सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं। सरकार की ओर से जहां 4 अहम संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे और कई अध्यादेश सदन के पटल पर रखे जाएंगे, वहीं कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। विधानसभा में बैंक घोटालों, बढ़ते संगठित अपराध, गुरुग्राम के जलभराव, युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दे, किसानों के मुआवजे और कर्मचारियों के आंदोलनों पर भी चर्चा की मांग की जाएगी।
सत्र की शुरुआत में पूर्व विधायकों चौधरी सही राम बिश्नोई और राजपाल भूखडी, हरियाणा के शहीदों, रोहतक के डी-पार्क बाजार अग्निकांड के पीड़ितों तथा कुएं में जहरीली गैस से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इसके बाद प्रश्नकाल होगा। प्रश्नकाल के बाद नियम 121 के तहत अंतिम 2 घंटों के दौरान सरकारी कार्य निष्पादित करने का प्रस्ताव लाया जाएगा। विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है। इस मुद्दे पर सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं।
हुड्डा समेत कई विधायकों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन रिपोर्ट
सत्र के दौरान सबसे बड़ी हलचल विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट को लेकर रहने वाली है। विधायक योगिन्द्र सिंह राणा की ओर से पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक कुमार अरोड़ा, बलराम दांगी, शकुंतला खटक, रघुवीर सिंह कादियान, बलवान सिंह दौलतपुरिया और मामन खान के खिलाफ दिए गए विशेषाधिकार हनन के प्रश्न पर समिति की पहली प्रारंभिक रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी।
विधायक अर्जुन सिंह चौटाला की ओर से इन्द्राज सिंह नरवाल के खिलाफ और शक्ति रानी शर्मा की ओर से लाए गए प्रस्तावों की रिपोर्ट भी सदन में ‘नेवा’ (NEVA) पोर्टल के जरिए पेश होगी। विधायक प्रमोद कुमार विज द्वारा ‘एक्शन इंडिया हरियाणा’ चैनल के खिलाफ दी गई विशेषाधिकार हनन सूचना पर भी रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी।
सरकार विधानसभा में पेश करेगी ये 4 नए विधेयक
सरकार की ओर से विधानसभा के मानसून सत्र में चार अहम संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें हरियाणा न्यायालय (संशोधन) विधेयक, 2026, हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2026, हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 और हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक, 2026 शामिल हैं।
इसके अलावा सरकार नगर निगम, ग्राम शामलात भूमि (विनियमन), राज्य महिला आयोग, विधि अधिकारी (विनियोजन) तथा आबकारी व जीएसटी से जुड़े आधा दर्जन अध्यादेशों को भी सदन के पटल पर रखेगी। कई वार्षिक रिपोर्ट भी विधानसभा में पेश की जाएंगी।
बैंक घोटालों पर काम रोको प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
कांग्रेस विधानसभा में आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, म्युनिसिपल कमेटी पंचकूला और अन्य घोटालों पर चर्चा के लिए काम रोको प्रस्ताव देगी। पार्टी इन मामलों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।
इसके साथ ही कौशल रोजगार निगम के तहत हरियाणा के युवाओं के साथ हो रही वादाखिलाफी, प्रदेश में कानून-व्यवस्था के पतन और बढ़ते संगठित अपराध के मुद्दों पर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
गुरुग्राम जलभराव से लेकर सफाई कर्मियों के आंदोलन तक मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस सफाई कर्मियों के आंदोलन से लेकर गुरुग्राम में जलभराव के बुनियादी मुद्दों तक पर विधानसभा में चर्चा की मांग करेगी। कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार से जवाब भी मांगेगी।
इसके अलावा प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट के आधार पर टैक्स बढ़ाकर जनता पर महंगाई की मार मारने, बारिश के कारण शहरों और गांवों में हुए जलभराव, किसानों के लिए मुआवजा, बिजली के निजीकरण, स्मार्ट मीटर, गेस्ट टीचर्स, सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की मांगों तथा आंदोलनों से जुड़े मुद्दे भी विधानसभा में उठाए जाएंगे।
कांग्रेस विधायक इन मुद्दों पर प्रस्ताव देकर चर्चा की मांग करेंगे। ऐसे में सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर टकराव के आसार हैं।
हुड्डा बोले- कानून-व्यवस्था पर सरकार गंभीर नहीं
विधानसभा सत्र की शुरुआत से पहले नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दादरी में सरेआम फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती जैसी वारदातों से पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है।
हुड्डा ने कहा कि थाने के सामने बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि उनमें कानून का कोई डर नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरेआम लूट, डकैती, फिरौती, हत्या और फायरिंग रूटिन बन गई है।
उन्होंने कहा कि खुद केंद्र सरकार के समाजिक प्रगति सूचकांक ने हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया है। आज हर नागरिक अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है और इसके लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है।
हुड्डा ने कहा कि हर सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा करना होती है, लेकिन बीजेपी अपनी इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
Akhil Mahajan