Live: हरियाणा मानसून सेशन में हंगामा, 8 विधायक सस्पेंड:हुड्डा बोले-मुझे गेट पर धक्के मारे, 2 VIDEO आए
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन धक्के-मुक्की के मुद्दे पर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था, घोटालों और जलभराव समेत कई मुद्दे उठाए।
➤ हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन जोरदार हंगामा, कांग्रेस के 8 विधायक सस्पेंड
➤ हुड्डा ने गेट पर धक्के-मुक्की का आरोप लगाया, बोले- मुझे मारा गया; दो वीडियो भी सामने आए
➤ स्पीकर हरविंद्र कल्याणा ने कहा- राजनीति के लिए हाउस नहीं चलाना, नियम-कायदे देखना मेरा काम
पंचकूला। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र वीरवार को जोरदार हंगामे के साथ शुरू हुआ। सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक से जुड़े नारे लिखे हुए थे। विधानसभा के एंट्री गेट पर पुलिस और कांग्रेस विधायकों के बीच रोकने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कांग्रेस के CLP लीडर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि उन्हें गेट पर धक्के मारे गए और मारा गया। इस मामले से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए हैं।
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। शोक प्रस्ताव पढ़ने के तुरंत बाद कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने विधानसभा के बाहर हुई धक्का-मुक्की का मुद्दा उठाया। इसके बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याणा से कहा, "हमारे साथ मिसबिहेव हुआ। आपने धक्के मारने के लिए बदमाश भेजे थे क्या?"
इस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याणा ने कहा कि नियम-कायदे देखना उनका काम है और उन्हें इस मामले में जानकारी लेनी पड़ेगी। स्पीकर के जवाब के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी हंगामा जारी रहा। करीब 10 मिनट बाद ही सदन की कार्यवाही फिर स्थगित करनी पड़ी। इस बार कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित की गई!
विधानसभा के बाहर पुलिस से भिड़े कांग्रेस विधायक
सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस के विधायक हाई कोर्ट चौक से काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की ओर निकले थे। उनके हाथों में तख्तियां और बैनर थे। विधानसभा के एंट्री गेट के पास पुलिस और सिक्योरिटी ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि विरोध दर्ज करवाते हुए विधायक विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकते। इस दौरान कांग्रेस विधायकों की पुलिस और विधानसभा सिक्योरिटी से बहस हो गई। पुलिस ने विधायकों के हाथों से तख्तियां और बैनर छीन लिए।
इसके बाद विधायक बैनर छोड़कर नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में दाखिल हुए। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की को लेकर बाद में सदन के अंदर भी कांग्रेस विधायकों ने सवाल उठाए।
हुड्डा से जुड़े दो वीडियो सामने आए
सदन में हंगामे के बीच भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में हुड्डा के सिर पर एक पुलिसकर्मी द्वारा हाथ मारने का वीडियो दिखाई देता है। वहीं दूसरे वीडियो में हुड्डा विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। इसमें वह एक पुलिसकर्मी को कोहनी मारते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
इन वीडियो के सामने आने के बाद विधानसभा के बाहर हुए घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद और बढ़ गया।
8 कांग्रेस विधायक सस्पेंड, आफताब अहमद को चेतावनी
सदन के अंदर हंगामा बढ़ने के बाद कांग्रेस के विधायकों ने वेल में आकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद स्पीकर ने कांग्रेस के 8 विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की।
स्पीकर ने इंदु राज नरवाल, विकास सहारण, देवेंद्र हंस, शकुंतला खटक, आदित्य सुरजेवाला, गोकुल सेतिया, जस्सी पेटवाड़ और बलराम दांगी को नेम किया और दिनभर की कार्यवाही के लिए सस्पेंड कर दिया। विधायक आफताब अहमद को भी स्पीकर ने चेतावनी दी।
सस्पेंड किए जाने के बाद कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक सदन से बाहर जाने पर अड़ गईं। उन्हें बाहर ले जाने के लिए मार्शल और 6 महिला कर्मचारी आगे आए। इस दौरान जब उन्हें खींचकर बाहर ले जाने की कोशिश की गई तो शकुंतला खटक ने पुरुष मार्शल से कहा कि आप मुझे हाथ नहीं लगा सकते।
कांग्रेस के बागी विधायक काले कपड़ों में नहीं पहुंचे
विधानसभा में कांग्रेस के ज्यादातर विधायक काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे। हालांकि कांग्रेस के 5 बागी विधायक काले कपड़ों में नहीं आए। इसके बावजूद वे सदन में कांग्रेस विधायकों के साथ ही बैठे नजर आए।
काले कपड़ों में बैठे कांग्रेस विधायकों के बीच बागी विधायक अलग से नजर आ रहे थे। इससे पहले भी ये विधायक कांग्रेस से अलग रुख और बागी तेवर दिखा चुके हैं।
सदन में इंदुराज नरवाल और जरनैल सिंह के बीच झड़प
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान हंगामा केवल सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच ही सीमित नहीं रहा। रतिया विधायक जरनैल सिंह और बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल के बीच भी झड़प की स्थिति बनी। सदन में लगातार बढ़ते हंगामे के कारण कार्यवाही को बार-बार रोकना पड़ा।
सत्र की शुरुआत में शोक प्रस्ताव पढ़े गए
इससे पहले विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत शोक प्रस्ताव के साथ हुई। सदन में पूर्व विधायकों चौधरी सही राम बिश्नोई और राजपाल भूखडी, हरियाणा के शहीदों, रोहतक के डी-पार्क बाजार अग्निकांड के पीड़ितों और कुएं में जहरीली गैस से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा और इनेलो नेता आदित्य चौटाला ने शोक प्रस्ताव पढ़ा।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी
सत्र शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दादरी में सरेआम फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती जैसी वारदातों से पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है।
हुड्डा ने कहा कि थाने के सामने बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि उनमें कानून का कोई डर नहीं बचा है। उनके मुताबिक हरियाणा में सरेआम लूट, डकैती, फिरौती, हत्या और फायरिंग रूटिन बन गई है।
हुड्डा ने दावा किया कि केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक ने हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया है। उन्होंने कहा कि आज हर नागरिक अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है तो उसके लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि हर सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा करना होती है, लेकिन बीजेपी अपनी इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
गुरुग्राम जलभराव और कर्मचारियों के मुद्दे भी उठाएगी कांग्रेस
कांग्रेस ने विधानसभा में गुरुग्राम के जलभराव समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। हुड्डा ने बताया कि सफाई कर्मियों के आंदोलन से लेकर गुरुग्राम में जलभराव के बुनियादी मुद्दों पर कांग्रेस चर्चा की मांग करेगी।
इसके अलावा प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट के आधार पर टैक्स बढ़ाकर जनता पर महंगाई की मार डालने, बारिश के कारण शहरों और गांवों में हुए जलभराव, किसानों के लिए मुआवजा, बिजली के निजीकरण, स्मार्ट मीटर, गेस्ट टीचर्स, सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की मांगों तथा आंदोलनों जैसे मुद्दे भी विधानसभा में उठाए जाएंगे।
बैंक घोटालों पर काम रोको प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
कांग्रेस आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, म्युनिसिपल कमेटी पंचकूला और अन्य घोटालों पर चर्चा के लिए सदन में काम रोको प्रस्ताव देगी।
इसके साथ ही कौशल रोजगार निगम के तहत हरियाणा के युवाओं के साथ हो रही वादाखिलाफी, प्रदेश में कानून-व्यवस्था के पतन और बढ़ते संगठित अपराध के मुद्दे पर भी सरकार से जवाब मांगने के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया जाएगा।
सरकार इन नए विधेयकों को ला सकती है
हरियाणा सरकार विधानसभा के मानसून सत्र में कई अहम विधेयक पेश कर सकती है। इनमें हरियाणा न्यायालय (संशोधन) विधेयक, 2026, हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2026, हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 और हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक, 2026 शामिल हैं।
इसके अलावा सरकार नगर निगम, ग्राम शामलात भूमि (विनियमन), राज्य महिला आयोग, विधि अधिकारी (विनियोजन) और आबकारी व GST से जुड़े आधा दर्जन अध्यादेशों और कई वार्षिक रिपोर्टों को भी सदन के पटल पर रखेगी।
सत्र के पहले ही दिन हुए हंगामे और 8 कांग्रेस विधायकों के निलंबन से साफ है कि मानसून सत्र की शुरुआत बेहद हंगामेदार और राजनीतिक रूप से गरम रही। अब आने वाले दिनों में कानून-व्यवस्था, बैंक घोटाले, गुरुग्राम जलभराव और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर सदन में टकराव और बढ़ने के आसार हैं।
Akhil Mahajan