गर्लफ्रेंड से बात करने पर युवक की हत्या: भिवानी में 10-12 हमलावरों ने घेरकर पीटा, बचाने आए दो साथियों पर भी हमला
भिवानी में 25 वर्षीय रविंद्र की 10-12 युवकों ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। युवती से बातचीत को लेकर रंजिश में हमले का आरोप है।
➤ भिवानी में 25 वर्षीय रविंद्र की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या
➤ युवती से बातचीत को लेकर भाइयों से रंजिश का आरोप, 10-12 युवकों ने किया हमला
➤ बचाने आए अजय और अनिल पर भी हमला, तीनों को बेसुध हालत में सड़क पर छोड़कर भागे
हरियाणा के भिवानी में युवती से बातचीत को लेकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को बीच सड़क घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को बचाने आए उसके दो साथियों को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। वारदात के बाद तीनों को बेसुध हालत में सड़क पर छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक युवक की पहचान थाना सदर भिवानी क्षेत्र के अंतर्गत सिटी स्टेशन लाइन पार निवासी 25 वर्षीय रविंद्र के रूप में हुई है। रविंद्र हेयर सैलून चलाता था। मंगलवार देर रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवकों पर जानलेवा हमला किया गया है और तीनों बेसुध हालत में सड़क पर पड़े तड़प रहे हैं। सूचना मिलते ही ईआरवी की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रविंद्र को डेड घोषित कर दिया। वहीं, हांसी के विराज नगर निवासी अजय और अनिल का उपचार शुरू किया गया। घायल अजय और अनिल ने पुलिस टीम को बताया कि करीब 10-12 लड़कों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया था।
युवती से बातचीत को लेकर रंजिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घायल युवकों से पूछताछ में सामने आया कि रविंद्र एक युवती के साथ बातचीत करता था। इस बात की जानकारी युवती के भाइयों रवि और मनीष को हो गई थी। बताया गया कि दोनों ने पहले भी रविंद्र को कई बार समझाया था, लेकिन इसके बावजूद रविंद्र और युवती के बीच बातचीत जारी रही।
पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते युवती के भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रविंद्र और उसके साथियों पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने सिटी स्टेशन के पास तीनों युवकों को घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले में रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने पहुंचे अजय और अनिल भी घायल हो गए।
वारदात के बाद हमलावर तीनों युवकों को सड़क पर बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। काफी देर तक तीनों सड़क पर पड़े रहे। इसके बाद किसी व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रविंद्र को डेड घोषित कर दिया।
रविंद्र की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन अस्पताल और पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। परिजन रोते-बिलखते नजर आए और उन्होंने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में सदर थाना एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती जांच में वारदात का कारण प्रेम प्रसंग आ रहा है। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उनके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हमले में शामिल लोगों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
Akhil Mahajan