बाथरूम जाने का बनाया बहाना और पुलिस को चकमा देकर आरोपी फरार, चौकी की दीवार फांदकर भागा
ब्याना पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लाया गया PO आरोपी पुलिसकर्मी को धक्का देकर दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की।
➤ पूछताछ के लिए चौकी लाए गए PO ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागने की कोशिश की
➤ बाथरूम से लौटते ही पुलिसकर्मी को गिराकर चौकी की दीवार फांदकर फरार हुआ आरोपी
➤ पुलिस ने केस दर्ज कर CCTV फुटेज कब्जे में ली, तलाश में जुटी टीमें
करनाल जिले के इंद्री थाना क्षेत्र की ब्याना पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी पहले से एक मामले में PO घोषित है। पुलिस के अनुसार मुखबिर खास से सूचना मिलने के बाद उसे उसके घर से पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही और वापस लौटते समय पुलिसकर्मी को धक्का देकर चौकी की दीवार फांदकर भाग निकला।
घटना के बाद पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाथरूम जाने के बहाने बनाया मौका
पुलिस चौकी ब्याना में बतौर मुंशी तैनात अंकित कुमार ने शिकायत में बताया कि 24 अगस्त की रात मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना करनाल के मुकदमा नंबर 97/25 का आरोपी रिंकू पुत्र श्यामलाल निवासी ब्याना अपने घर आया हुआ है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी को उसके घर से पूछताछ के लिए चौकी लेकर आई। चौकी में पूछताछ के दौरान रिंकू ने बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे बाथरूम ले गए।
पुलिस के अनुसार बाथरूम से वापस कमरे में आते ही रिंकू ने अचानक अंकित कुमार को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी चौकी की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आसपास के इलाके में चलाया तलाशी अभियान
आरोपी के भागने के तुरंत बाद अंकित कुमार ने चौकी में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने काफी प्रयास किए, लेकिन रिंकू का कोई सुराग नहीं मिल सका।
शिकायत में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद पुलिस चौकी ब्याना के प्रभारी पीएसआई रोहित ने कार्रवाई करते हुए शिकायत के आधार पर आरोपी रिंकू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 और 132 के तहत केस दर्ज करवाया।
यह मुकदमा 25 अगस्त को थाना इंद्री में दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज पुलिस ने कब्जे में ली
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चौकी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। थाना इंद्री के एसएचओ धर्मबीर सिंह ने बताया कि आरोपी रिंकू एक मामले में पहले से PO घोषित है और उसे पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया था।
एसएचओ के मुताबिक बाथरूम जाने के बहाने आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है और उसे जल्द पकड़ने की बात कही गई है।
Akhil Mahajan