हरियाणा के चार खिलाड़ियों का भारतीय रग्बी टीम में चयन, सोनीपत के मोहित खत्री को मिली कप्तानी
हरियाणा के चार खिलाड़ियों का भारतीय पुरुष रग्बी टीम में चयन हुआ है। मोहित खत्री को कप्तानी मिली। टीम 29 और 30 अगस्त को चीन में खेलेगी।
➤ हरियाणा के चार खिलाड़ियों को भारतीय पुरुष रग्बी टीम में जगह
➤ सोनीपत के मोहित खत्री को सौंपी गई भारतीय टीम की कप्तानी
➤ 29 और 30 अगस्त को चीन में खेलेगी भारतीय टीम
हरियाणा के खेल जगत के लिए गौरव की खबर सामने आई है। हरियाणा के चार खिलाड़ियों का भारतीय पुरुष रग्बी टीम में चयन हुआ है। भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ ने एशिया रग्बी अमीरात सेवन्स सीरीज 2026 के प्रथम चरण के लिए भारतीय पुरुष रग्बी टीम की घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन 29 और 30 अगस्त 2026 को चांगशू स्पोर्ट्स सेंटर, सूझोउ शहर, चीन में होगा।
भारतीय टीम में हरियाणा के चार खिलाड़ियों का चयन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। हरियाणा ने एक बार फिर भारतीय रग्बी के एलीट पुरुष वर्ग में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रदेश से चयनित खिलाड़ियों में हिसार जिले के कनोह गांव निवासी एवं पूर्व भारतीय कप्तान दीपक कुमार पूनिया, झज्जर जिले के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय देसवाल एवं हितेश डागर तथा सोनीपत जिले के कुंडली गांव निवासी मोहित खत्री शामिल हैं।
मोहित खत्री को मिली भारतीय टीम की कप्तानी
इन चार खिलाड़ियों में सबसे बड़ी उपलब्धि मोहित खत्री के नाम रही है। उन्हें भारतीय पुरुष रग्बी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। कुंडली गांव से निकलकर भारतीय टीम की कप्तानी तक पहुंचना न केवल मोहित खत्री के लिए बड़ी उपलब्धि है, बल्कि पूरे सोनीपत और हरियाणा के लिए भी गर्व का विषय है।
मोहित खत्री को कप्तानी मिलने से हरियाणा की रग्बी प्रतिभा को भी नई पहचान मिली है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने लगातार भारतीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है और अब भारतीय टीम की कमान हरियाणा के खिलाड़ी को मिलने से खेल जगत में खुशी का माहौल है।
दीपक, अजय और हितेश भी भारतीय टीम का हिस्सा
भारतीय टीम में शामिल हरियाणा के अन्य खिलाड़ियों में दीपक कुमार पूनिया, अजय देसवाल और हितेश डागर शामिल हैं। हिसार जिले के कनोह गांव निवासी दीपक कुमार पूनिया पूर्व भारतीय कप्तान रह चुके हैं और उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव है।
वहीं झज्जर जिले के अजय देसवाल एवं हितेश डागर भी अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले खिलाड़ी हैं। इन खिलाड़ियों का अनुभव और प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित होने की उम्मीद है।
हरियाणा के खिलाड़ियों का लगभग हर वर्ष भारतीय रग्बी की एलीट पुरुष टीम में प्रतिनिधित्व प्रदेश में रग्बी के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत का प्रमाण माना जा रहा है। दीपक कुमार पूनिया का अंतरराष्ट्रीय अनुभव, अजय देसवाल एवं हितेश डागर की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मोहित खत्री का नेतृत्व भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित होने की उम्मीद है।
चारों खिलाड़ी रग्बी प्रीमियर लीग में भी रहे हिस्सा
गौरतलब है कि उक्त चारों खिलाड़ी जून माह में हैदराबाद में आयोजित हुए रग्बी प्रीमियर लीग का भी हिस्सा रहे हैं। इसके बाद अब चारों खिलाड़ियों का भारतीय पुरुष रग्बी टीम में चयन हुआ है। इससे उनके लगातार उच्च स्तर पर खेलने और प्रदर्शन करने का सिलसिला भी सामने आता है।
खेल जगत से जुड़े लोगों ने दी बधाई
चारों खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन तथा मोहित खत्री को कप्तानी मिलने पर खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है। सोनीपत रग्बी के सचिव नरेंद्र मोर, जनता विद्या भवन बुटाना सोनीपत के अध्यक्ष अजित सांगवान, टीका राम एडुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह दहिया, सोनीपत एथलेटिक्स के अध्यक्ष रविंद्र मोर, हिसार रग्बी के अध्यक्ष सुशील गोयल, बिजेंद्र पंघालिया, प्रवीण उड़ान, सचिव नीरज वर्मा, झज्जर से इनेलो खेल प्रकोष्ठ के राज्य उपाध्यक्ष चरण सिंह राठी, पानीपत रग्बी की अध्यक्ष बबीता सिंह, उपाध्यक्ष ऊषा सैनी सहित रग्बी एवं खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने उम्मीद जताई कि भारतीय पुरुष रग्बी टीम एशिया रग्बी अमीरात सेवन्स सीरीज 2026 के प्रथम चरण में शानदार प्रदर्शन करेगी। साथ ही हरियाणा के चारों खिलाड़ी अपने बेहतरीन खेल से देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Akhil Mahajan