रक्षाबंधन पर भीड़ के लिए रेलवे की खास व्यवस्था, जानें दिल्ली से कहां - कहां के लिए मिलेगी ट्रेन
रक्षाबंधन पर बढ़ती यात्री भीड़ के बीच दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलेगी। नारनौल और रेवाड़ी यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
➤ दिल्ली-रींगस के बीच 27 से 29 अगस्त तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
➤ नारनौल-रेवाड़ी समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को राहत, 11 साधारण कोच लगाए जाएंगे
➤ रक्षाबंधन पर बढ़ने वाली भीड़ के चलते रेलवे ने चार ट्रिप की विशेष व्यवस्था की
आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली सराय रोहिल्ला और रींगस के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। यह स्पेशल रेलसेवा 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को निर्धारित ट्रिप के अनुसार संचालित होगी। इससे दिल्ली, हरियाणा और शेखावाटी क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर रेवाड़ी और नारनौल से यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित स्पेशल 27 एवं 28 अगस्त 2026 को दो ट्रिप संचालित होगी। ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से 27 अगस्त को शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।
इसके बाद वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04416 रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला अनारक्षित स्पेशल 28 एवं 29 अगस्त 2026 को दो ट्रिप चलाई जाएगी। यह ट्रेन रींगस से 28 अगस्त को रात 2:00 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
रेवाड़ी और नारनौल समेत इन स्टेशनों पर ठहराव
रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पाटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। ऐसे में इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी त्योहार के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
त्योहार के समय ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से यह विशेष व्यवस्था की गई है। अनारक्षित ट्रेन होने के कारण सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे खास राहत मिल सकती है।
ट्रेन में 13 डिब्बे, 11 साधारण श्रेणी के कोच
रेलवे ने बताया कि इस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन में कुल 13 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 11 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त व्यवस्था की है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और परिचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें। साथ ही सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Akhil Mahajan