विवाहिता ने पति समेत 6 ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया
यमुनानगर में विवाहिता ने पति समेत छह ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और अन्य गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- यमुनानगर में विवाहिता ने पति समेत 6 ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया
- महिला ने पति पर मारपीट, इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक संबंध बनाने और घर से निकालने का आरोप लगाया
- आरोप है कि पति ने महिला के नाम पर बैंक लोन लेकर राशि खुद रख ली, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के यमुनानगर में एक विवाहिता ने अपने पति सहित छह ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में भट्टूवाला निवासी कुलवंत से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति, सास, ससुर, देवर, ननद और ननदोई ने यह कहते हुए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया कि दहेज कम मिला है। पहले मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये, बाद में 10 लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी, गाली-गलौज की जाती थी और कई बार उसे मायके छोड़ दिया जाता था। हर बार दोनों परिवारों और ग्रामीणों की पंचायत में समझौता होने के बाद वह ससुराल लौटती, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो जाती थी।
शिकायत के अनुसार, मार्च 2025 में रसोई का सामान लाने की बात कहने पर पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे उसके छोटे बेटे के साथ घर से धक्के देकर निकाल दिया गया। महिला का कहना है कि दोबारा आने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। तब से वह अपने मायके में रह रही है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेवर और अन्य सामान अब भी ससुराल पक्ष के कब्जे में हैं।
महिला ने अपने पति पर यह भी आरोप लगाया है कि वह शराब के नशे में उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इन आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इसके अलावा महिला ने आरोप लगाया कि उसकी अनपढ़ता का फायदा उठाकर पति ने उसके नाम पर यमुनानगर को-ऑपरेटिव बैंक से लोन लिया। लोन की राशि स्वयं रख ली, जबकि उसकी किश्तें वह दिहाड़ी मजदूरी करके चुका रही है।
महिला ने बताया कि उसने जनवरी 2026 में भी एसपी को शिकायत दी थी। मामला मेडिएशन सेंटर पहुंचा, जहां समझौते की कोशिश हुई, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ। इसके बाद थाना सदर जगाधरी पुलिस ने पति कुलवंत, ससुर राजकुमार, सास चरणो देवी, देवर रिंकू, ननद सीमा और ननदोई रिंकू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
pooja