हरियाणा में ट्रक ने 2 कांवड़ियों को कु*चला, दोनों की मौ*त
यमुनानगर में कांवड़ यात्रा के दौरान अज्ञात ट्रक की टक्कर से जींद के दो कांवड़ियों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यमुनानगर में ट्रक ने 2 कांवड़ियों को कुचला, दोनों की मौत
■ हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे, ट्रक चालक मौके से फरार
■ एक की 4 महीने पहले हुई थी शादी, दोनों जींद के नरवाना के रहने वाले
यमुनानगर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। गुरुवार देर रात रादौर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव घोड़ग के पास हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे दो श्रद्धालुओं को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान सचिन (21) पुत्र शमशेर सिंह और अजय कुमार उर्फ काला (21) पुत्र बीरा राम निवासी मोरपट्टी मोहल्ला, नरवाना (जींद) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में विक्रम कुमार ने बताया कि वह अपने ताऊ के बेटे सचिन, अजय कुमार, गांव लोन निवासी आशीष और अन्य साथियों के साथ 3 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे जब उनका जत्था गांव घोड़ग के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने सचिन और अजय को टक्कर मार दी। विक्रम ने समय रहते सड़क किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
हादसे के बाद विक्रम ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
मृतक सचिन की जिंदगी अभी शुरू ही हुई थी। उसकी चार महीने पहले अप्रैल में शादी हुई थी। वह दो बहनों का इकलौता भाई था और पढ़ाई के साथ काम कर परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। वहीं अजय कुमार दो भाइयों में छोटा था और खेती-बाड़ी का काम करता था। दोनों युवक पहली बार हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे।
विक्रम कुमार ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रियों के लिए बेहतर रोशनी, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था थी, लेकिन हरियाणा में प्रवेश करते ही सड़क पर अंधेरा और अव्यवस्था मिली। उनका कहना है कि यदि सड़क पर पर्याप्त रोशनी और ट्रैफिक नियंत्रण होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन रात में ही यमुनानगर पहुंच गए। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। इसके बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए जींद ले जाया गया। दोनों युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
pooja