हरियाणा में घर के बाहर मिला युवक का श*व, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
यमुनानगर के मानकपुर ललहाड़ी गांव में 20 वर्षीय युवक घर के बाहर बेसुध मिला। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
यमुनानगर में घर के बाहर बेसुध मिले 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
रात का खाना खाने के बाद टहलने निकला था युवक, मुंह से झाग निकलते देख परिजन अस्पताल ले गए
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा
हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र के मानकपुर ललहाड़ी गांव में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने ही घर के दरवाजे पर बेसुध पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान वंश उर्फ मंगू पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के पिता सतीश कुमार ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वंश दूसरे नंबर का बेटा था और एक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार शाम वह काम से घर लौटा और परिवार के साथ खाना खाने के बाद रात करीब 9 बजे टहलने के लिए घर से बाहर निकल गया।
करीब 10 बजे पड़ोस का एक युवक घबराकर उनके घर पहुंचा और बताया कि वंश घर के दरवाजे पर बेसुध पड़ा हुआ है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वंश की मौत कैसे हुई। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी और परिवार में भी किसी तरह का तनाव नहीं था। उन्होंने बताया कि परिवार इन दिनों वंश के विवाह के लिए रिश्ता तलाश रहा था, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
मामले के जांच अधिकारी एसआई कुलदीप ने बताया कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
pooja