अतिक्रमण हटाने के दौरान भाजपा नेता और सेनेटरी इंस्पेक्टर में तीखी बहस,वीडियो वायरल

यमुनानगर के साढौरा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भाजपा नेता पवन सैनी और सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार के बीच तीखी बहस हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अतिक्रमण हटाने के दौरान भाजपा नेता और सेनेटरी इंस्पेक्टर में तीखी बहस,वीडियो वायरल

यमुनानगर में अतिक्रमण हटाने के दौरान भाजपा नेता और सेनेटरी इंस्पेक्टर में तीखी बहस

वीडियो में भाजपा नेता बोले- ज्यादा हीरो मत बन, तू DC लग रहा क्या

भाजपा नेता ने गरीब दुकानदारों का पक्ष रखने का दावा किया, अधिकारी का पक्ष नहीं आया सामने


यमुनानगर के साढौरा में नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन सैनी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस बहस का 1 मिनट 16 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों एक-दूसरे से बहस करते दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में भाजपा नेता अधिकारी से कहते सुनाई देते हैं, "ज्यादा हीरो मत बन, तू DC लग रहा क्या।" इसके जवाब में सेनेटरी इंस्पेक्टर कहते हैं कि "मेरे साथ फालतू बकवास मत करो।" यह घटना शनिवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो बुधवार को सामने आया।

नगर पालिका की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन सैनी बहस करते हुए। - Dainik Bhaskar

जानकारी के अनुसार शनिवार को साढौरा नगर पालिका की टीम बिजली निगम कार्यालय के पास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार के नेतृत्व में की जा रही थी। इस दौरान सड़क किनारे अस्थायी रूप से दुकान लगाने वालों का सामान हटाया जा रहा था।

साढौरा में अतिक्रमण हटाने को लेकर बहस करते सेनेटरी इंस्पेक्टर और भाजपा नेता।

इसी बीच भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन सैनी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई पर आपत्ति जताई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अधिकारी से पूछते हैं कि क्या उनके पास कार्रवाई करने का कोई लिखित आदेश है। उनका कहना था कि गरीब लोगों का सामान इस तरह नहीं उठाया जाना चाहिए।

बहस के दौरान पवन सैनी ने अधिकारी के कंधे पर हाथ भी रखा। इस पर फूल कुमार ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें हाथ क्यों लगाया जा रहा है। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और तेज हो गई। भाजपा नेता ने अधिकारी से कहा कि "ज्यादा हीरो मत बन, तू डीसी लग रहा क्या, यहां से चला जा।"

इसके जवाब में सेनेटरी इंस्पेक्टर ने भाजपा नेता से कहा कि वह फालतू बकवास न करें। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को अतिक्रमण हटाने का काम जारी रखने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने की कोशिश की।

दैनिक भास्कर से बातचीत में पवन सैनी ने कहा कि हर शनिवार साढौरा में साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां गरीब लोग अस्थायी दुकानें लगाकर अपना रोजगार चलाते हैं। उनके मुताबिक एक महिला रोते हुए उनके पास आई थी और उसने बताया कि नगर पालिका की टीम उसका सामान जब्त कर रही है। इसी के बाद वह मौके पर पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल गरीब दुकानदारों का पक्ष रखना था। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गुस्से में उनके मुंह से "तू ज्यादा डीसी मत बन" जैसी बात निकल गई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका स्थायी अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के बजाय गरीब रेहड़ी-फेरी वालों को निशाना बना रही है।

वहीं, सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में इस मामले में उनका विस्तृत पक्ष सामने नहीं आ सका है।