हरियाणा में सास की 13वीं पर विवाहिता की संदिग्ध मौ*त, पति समेत चार पर केस

यमुनानगर में सास की 13वीं के दिन विवाहिता हरप्रीत कौर की संदिग्ध मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत चार लोगों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में जुटी है।

हरियाणा में सास की 13वीं पर विवाहिता की संदिग्ध मौ*त, पति समेत चार पर केस
  • यमुनानगर में सास की 13वीं के दिन विवाहिता की संदिग्ध मौत
  • मायके पक्ष ने जहर देकर हत्या और मारपीट का लगाया आरोप
  • पति समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज, पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

हरियाणा के यमुनानगर जिले में सास की 13वीं के दिन एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान भी उनकी बेटी के साथ मेहमानों के सामने मारपीट की गई थी।

पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और अब एफएसएल तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

2016 में हुई थी शादी।

मृतका की पहचान 30 वर्षीय हरप्रीत कौर पत्नी राजीव चौहान निवासी गांव बेड़थल के रूप में हुई है। हरप्रीत का मायका चंडीगढ़ के सेक्टर-29बी में है।

परिजनों के अनुसार, हरप्रीत की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। उसके पति राजीव चौहान पेशे से पशु चिकित्सक (प्राइवेट) हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज और घरेलू विवाद को लेकर हरप्रीत को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

एक सप्ताह पहले तोड़ी गई थी नाक।

परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पहले हुए विवाद में हरप्रीत के साथ मारपीट की गई थी और उसकी नाक भी तोड़ दी गई थी। हालांकि दोनों परिवारों के बीच पंचायत के माध्यम से समझौते के प्रयास चल रहे थे।

इस बीच हरप्रीत की सास बाला का शुगर संबंधी बीमारी के कारण निधन हो गया था। रविवार को उनकी 13वीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

13वीं में भी हुआ विवाद।

मृतका के भाई इंद्रजीत के अनुसार, तेरहवीं के कार्यक्रम में मायके पक्ष भी शामिल हुआ था। इसी दौरान ससुराल पक्ष और हरप्रीत के बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस के बाद उसके साथ मारपीट भी की गई।

परिजनों ने हरप्रीत को अपने साथ ले जाने की बात कही, लेकिन ससुराल पक्ष के एक सदस्य ने भविष्य में ऐसा व्यवहार दोबारा नहीं होने का भरोसा दिया। इसके बाद मायके पक्ष रात करीब 8 बजे वापस चंडीगढ़ लौट गया।

बेटी की वीडियो कॉल के बाद पहुंचे परिजन।

मृतका के भाई ने बताया कि रात करीब 10 बजे उन्होंने हरप्रीत से फोन पर बात की थी। उस समय उसने बताया कि उसे काफी नींद आ रही है और बाद में बात करेगी।

करीब 11 बजे हरप्रीत की बेटी ने अपने मामा को वीडियो कॉल कर बताया कि उसकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही हैं।

सूचना मिलते ही मायके पक्ष तुरंत यमुनानगर पहुंचा। वहां पता चला कि हरप्रीत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पति समेत चार पर मामला दर्ज।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि हरप्रीत को या तो जहरीला पदार्थ दिया गया या फिर ऐसी परिस्थितियां बनाई गईं, जिससे वह जहरीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर हो गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।