यमुनानगर में मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी ने युवक की गंडासियों से हत्या की
यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसियों ने 42 वर्षीय मेहंदी हसन पर गंडासियों से हमला कर दिया। पीजीआई ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
■ यमुनानगर में मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी ने युवक की गंडासियों से हत्या की
■ टहलने निकले 42 वर्षीय मेहंदी हसन पर परिवार समेत हमला करने का आरोप
■ पीजीआई ले जाते समय रास्ते में हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र में मामूली कहासुनी एक खूनी वारदात में बदल गई। यहां पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की गंडासियों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मेहंदी हसन के रूप में हुई है, जो खेतीबाड़ी का काम करता था और दो बच्चों का पिता था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, मेहंदी हसन शुक्रवार रात करीब 9 बजे गली के पास बनी बैठक में बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अवैश वहां पहुंच गया। बैठक में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और दोनों अपने-अपने घर लौट गए।
करीब साढ़े 10 बजे मेहंदी हसन घर से टहलने के लिए बाहर निकला था। आरोप है कि तभी अवैश अपने पिता, दो भाइयों और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। सभी के हाथों में गंडासीनुमा हथियार थे। आते ही आरोपियों ने मेहंदी हसन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में मेहंदी हसन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन तुरंत घायल को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के चचेरे भाई कईयूम ने आरोप लगाया कि हमला पूरी योजना के तहत किया गया। उन्होंने कहा कि मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने परिवार के साथ मिलकर मेहंदी हसन को घेर लिया और बेरहमी से हमला किया।
यमुनानगर के अस्पताल में मौजूद परिजन व पुलिस।
उधर, सूचना मिलते ही हमीदा चौकी और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
pooja