हरियाणा में तेज रफ्तार हाइड्रा ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौ*त

यमुनानगर के शादीपुर में तेज रफ्तार हाइड्रा की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की बाजू काटनी पड़ी। हादसे में 3 साल की बच्ची की जान बच गई।

हरियाणा में तेज रफ्तार हाइड्रा ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौ*त

यमुनानगर में तेज रफ्तार हाइड्रा ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौत

गंभीर घायल महिला की बाजू काटनी पड़ी, गोद में मौजूद 3 साल की बच्ची की बची जान

हादसे के बाद चालक हाइड्रा छोड़कर फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तलाश


यमुनानगर के शादीपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाइड्रा मशीन ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय उसकी गोद में मौजूद तीन वर्षीय बच्ची उछलकर सड़क किनारे जा गिरी और उसकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जेपी अस्पताल, यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी की हालत गंभीर होने पर उपचार के दौरान उसकी एक बाजू काटनी पड़ी।

मृतका की पहचान 55 वर्षीय हमीदा खातून, पत्नी नूर अहमद, निवासी दुर्गापुर ललियाही, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। वह चार बच्चों की मां थीं। उनके दो बच्चों की शादी हो चुकी है, जबकि दो अब भी अविवाहित हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

शिकायतकर्ता रियाज ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है और यमुनानगर के शादीपुर में किराये पर रहकर एक माइक्रो प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करता है। सोमवार सुबह वह अपनी पत्नी अनीषा खातून, तीन वर्षीय बेटी अनाया और रिश्ते में मासी लगने वाली हमीदा खातून के साथ शादीपुर बाजार सामान खरीदने जा रहा था।

रियाज के अनुसार, जब वे वैदिक साधन आश्रम से आगे खजुरी रोड पर पहुंचे, तभी खजुरी रोड की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आई पीले रंग की हाइड्रा ने उनकी पत्नी और मासी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीन वर्षीय अनाया मां की गोद से उछलकर सड़क किनारे जा गिरी। वहीं हाइड्रा का अगला पहिया अनीषा के बाएं हाथ और पैर के ऊपर से गुजर गया।

हादसे में हमीदा खातून के पेट के ऊपर से भी हाइड्रा का पहिया गुजर गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर अनीषा की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उनकी एक बाजू काटनी पड़ी। उनका इलाज अभी भी जारी है।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि हादसा हाइड्रा चालक की तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत तरीके से वाहन चलाने के कारण हुआ। यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।