रक्षाबंधन पर हरियाणा में एक और दर्दनाक हादसा, करंट लगने से दो युवकों की मौत

सोनीपत के मुंडलाना में रक्षाबंधन पर ट्रांसफार्मर ठीक करते समय करंट लगने से दो युवकों की मौत हुई। लाइनमैन, जेई और एसडीओ समेत कर्मचारियों पर केस दर्ज।

रक्षाबंधन पर हरियाणा में एक और दर्दनाक हादसा,  करंट लगने से दो युवकों की मौत

रक्षाबंधन पर मुंडलाना में करंट लगने से दो युवकों की मौत
ट्रांसफार्मर ठीक करने चढ़ा था प्रशिक्षु सौरभ, किसान जोगिंद्र मदद के लिए पहुंचा
लाइनमैन, जेई और एसडीओ समेत जिम्मेदार कर्मचारियों पर केस दर्ज


सोनीपत जिले के गोहाना उपमंडल के गांव मुंडलाना में रक्षाबंधन के दिन बिजली का करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बिजली फाल्ट ठीक करने के लिए प्रशिक्षु सौरभ ट्रांसफार्मर पर चढ़ा हुआ था और उसकी मदद के लिए खेत में काम कर रहे किसान जोगिंद्र को भी ऊपर बुलाया गया था। आरोप है कि दोनों के ट्रांसफार्मर पर काम करने के दौरान ही पीछे से बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। तेज करंट की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान प्रशिक्षु सौरभ निवासी सिवानका और किसान जोगिंद्र निवासी मुंडलाना के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष फैल गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रक्षाबंधन के दिन सौरभ को फोन कर बुलाने का आरोप

मृतक सौरभ के परिजनों ने आरोप लगाया कि रक्षाबंधन का त्योहार होने के बावजूद सहायक लाइनमैन मोहित (एएलएम) ने फोन पर दबाव बनाकर सौरभ को मुंडलाना गांव में बिजली ठीक करने के लिए भेजा था। परिजनों के मुताबिक, सौरभ के पास काम के दौरान किसी तरह के सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे।

बताया गया कि ट्रांसफार्मर पर होने वाला काम अकेले पूरा नहीं हो पा रहा था। इसी वजह से सौरभ ने खेत में काम कर रहे किसान जोगिंद्र को मदद के लिए अपने साथ ऊपर बुला लिया। दोनों ट्रांसफार्मर पर बिजली संबंधी फाल्ट ठीक करने में जुटे हुए थे।

सुबह 11 बजे सप्लाई शुरू होने का था निर्धारित समय

परिजनों के अनुसार, बिजली सप्लाई चालू होने का निर्धारित समय सुबह 11:00 बजे था। आरोप है कि दोनों युवक जब ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे, तभी बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते निर्धारित समय से पहले ही पीछे से पावर सप्लाई चालू कर दी गई।

बिजली सप्लाई चालू होते ही ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे दोनों युवक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि जोगिंद्र और सौरभ दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद लाइनमैन ने फोन उठाना किया बंद

हादसे के बाद जब मृतकों के परिजनों ने लाइनमैन को फोन किया तो आरोप है कि उसने कॉल उठाना बंद कर दिया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के 4-5 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी पीड़ितों का हाल जानने मौके पर नहीं पहुंचा।

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गहरा गुस्सा दिखाई दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस विधायक और पूर्व विधायक भी पहुंचे मुंडलाना

घटना की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू और गोहाना के पूर्व विधायक जगदीश सिंह मलिक मुंडलाना पहुंचे। दोनों नेताओं ने ग्रामीणों से बातचीत कर हादसे की जानकारी ली। नेताओं ने भी इस घटना के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर गोहाना पुलिस की टीम नागरिक अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। मृतक जोगिंद्र के पिता बलवान सिंह की शिकायत पर गोहाना सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

लाइनमैन, जेई और एसडीओ समेत अन्य पर केस

पुलिस ने लाइनमैन मोहित, संबंधित जेई (JE), एसडीओ (SDO) और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

हादसे ने रक्षाबंधन के दिन मुंडलाना में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। अब पुलिस की जांच में यह सामने आना बाकी है कि ट्रांसफार्मर पर दोनों युवकों के काम करने के दौरान बिजली सप्लाई किस तरह और किन परिस्थितियों में चालू हुई।