हरियाणा में खाली गोदाम में कैब ड्राइवर ने की आत्मह*त्या, शव के पास मिली शराब की बोतल
गुरुग्राम में कैब ड्राइवर सुखबीर का खाली गोदाम में शव मिला। मौके से शराब की बोतल मिली, तीन महीने पहले खरीदी कैब और आत्महत्या की वजह की जांच जारी है।
गुरुग्राम में खाली गोदाम में कैब ड्राइवर ने की आत्महत्या
➤ शव के पास शराब की बोतल, गिलास और नमकीन के रैपर मिले
➤ तीन महीने पहले खरीदी थी कैब, आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं
गुरुग्राम। गुरुग्राम में बादशाहपुर-टिकली रोड पर एक खाली गोदाम में कैब चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा निवासी सुखबीर के रूप में हुई है। सुखबीर फिलहाल भौंडसी स्थित स्नेह कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहा था और कैब चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पुलिस को खाली गोदाम में चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास शराब की एक बोतल, गिलास और नमकीन के पाउच मिले। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुखबीर ने यह कदम आखिर किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
तीन महीने पहले ही खरीदी थी टैक्सी
परिजनों के अनुसार, सुखबीर के परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। वह परिवार का एकमात्र सहारा था। परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने के उद्देश्य से उसने करीब तीन महीने पहले ही नई कैब खरीदी थी। वह कैब चलाकर अपनी आजीविका कमा रहा था। ऐसे में अचानक उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि सुखबीर अकेले ही खाली बड़े गोदाम के हॉल में गया था। मौके पर किसी दूसरे व्यक्ति की मौजूदगी के निशान नहीं मिले हैं। गोदाम के आसपास झाड़ियां और घासफूस उगी हुई है। सुनसान इलाका होने के कारण वहां उसकी गतिविधियों को किसी ने नहीं देखा।
फोरेंसिक जांच में हत्या के सबूत नहीं मिले
सुखबीर का शव मिलने के बाद शुरुआत में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की जांच कराई। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, लेकिन जांच के दौरान हत्या से संबंधित कोई सबूत नहीं मिला।
इसके बाद बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पोस्टमॉर्टम में डॉक्टरों ने उसकी मौत की वजह फांसी के कारण दम घुटना बताया। उसके गले पर भी फंदे के निशान पाए गए हैं। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
पुलिस तकनीकी पहलुओं की भी कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर सुखबीर की मौत से जुड़े कई पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या वह किसी तरह के मानसिक तनाव या परेशानी से गुजर रहा था।
बादशाहपुर थाना के जांच अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों से भी बातचीत की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुखबीर की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। करीब तीन महीने पहले ही नई कैब खरीदकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश कर रहे सुखबीर की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आत्महत्या की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।
Akhil Mahajan