हरियाणा में बिजली कटौती से नाराज रेजिडेंट्स ने लगाया सड़क जाम,पानी की सप्लाई ठप, बिल्डर और बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन
गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित पिरामिड अर्बन होम्स में लगातार बिजली कटौती और पानी की समस्या से नाराज रेजिडेंट्स ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया।
गुरुग्राम की पिरामिड अर्बन होम्स सोसाइटी में बिजली कटौती के विरोध में सड़क जाम
रेजिडेंट्स ने बिल्डर और बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
बिजली के साथ पानी की सप्लाई भी ठप, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तीखी बहस
गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित पिरामिड अर्बन होम्स सोसाइटी में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को रेजिडेंट्स सड़क पर उतर आए। घंटों तक बिजली गुल रहने से नाराज लोगों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया और बिल्डर व बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बारिश के बाद बढ़ी गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के कई-कई घंटे तक बिजली काटी जा रही है। उनका कहना है कि बिजली बाधित होने से पानी की सप्लाई भी पूरी तरह ठप हो जाती है, जिससे घरों के दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
रेजिडेंट्स का कहना है कि वे हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस शुल्क जमा करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिल्डर प्रबंधन और बिजली विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग जल्द समाधान और नियमित बिजली आपूर्ति की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। कई लोगों ने अधिकारियों से लिखित आश्वासन देने की मांग भी की।
स्थिति को देखते हुए मौके पर बिजली निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि ट्रांसफार्मर और अन्य तकनीकी खराबियों को जल्द ठीक कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लोगों को शांत कराने में जुटे हैं।
pooja