हरियाणा में BJP कार्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन,हनुमान चालीसा लेकर BJP कार्यालय पहुंचे कांग्रेसी,पुलिस ने रोका
गुरुग्राम में भाजपा कार्यालय के बाहर सुंदरकांड पाठ को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। धारा 144 के बीच पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोका, जिससे झड़प की स्थिति बन गई।
- गुरुग्राम में BJP कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प
- हनुमान चालीसा हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हटाया
- धारा 144 लागू, पुलिस ने थ्री-लेयर सुरक्षा के बीच स्थिति संभाली
गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय 'गुरुकमल' के बाहर कांग्रेस के प्रस्तावित सुंदरकांड पाठ को लेकर मंगलवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हनुमान चालीसा हाथ में लेकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें बैरिकेड्स पर रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। पूरे घटनाक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।
धारा 144 लागू, तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के 300 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थ्री-लेयर सिक्योरिटी लगाई गई और विभिन्न थानों की पुलिस के साथ दंगा नियंत्रण बल भी तैनात किया गया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार मक्खन सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। भाजपा के जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने भी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस ने रोका तो सड़क पर बैठ गए कार्यकर्ता
प्रदर्शन में कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्ष वर्धन राव और पंकज डावर शामिल रहे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स के सामने मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
महिला कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई। कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने उठाकर मौके से हटाया।
पुलिस नोटिस पर कांग्रेस का विरोध
इससे पहले सेक्टर-40 थाना पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्षों को नोटिस जारी किया था। नोटिस में शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की हिदायत दी गई थी।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए विरोध जताया। ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन राव ने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी का नाम लेना या सुंदरकांड पाठ करना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
भाजपा का पलटवार
भाजपा के शहरी जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में सुंदरकांड पाठ करना चाहती है तो भाजपा कार्यालय के अंदर आकर शांतिपूर्वक पाठ करे। भाजपा कार्यालय के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
संभावित विवाद को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। विभिन्न थानों की पुलिस के अलावा खुफिया विभाग की टीमें भी सोशल मीडिया और राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
pooja