शादी के 8 महीने बाद SDO की पत्नी की संदिग्ध मौ*त

कुरुक्षेत्र में हरियाणा पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के SDO की पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दहेज मृत्यु का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नैपकिन पर मिला संदेश भी जांच के दायरे में है।

शादी के 8 महीने बाद SDO की पत्नी की संदिग्ध मौ*त

कुरुक्षेत्र में SDO की पत्नी का शव घर में फंदे से लटका मिला

शादी के आठ महीने बाद मौत, नैपकिन पर मिला 'I'M NOT WELL, SORRY' लिखा संदेश

मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हरियाणा पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के SDO की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान 27 वर्षीय काजल निवासी सेक्टर-3 के रूप में हुई है। वह मंगलवार सुबह ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। दोपहर में उसके पति हरप्रीत सिंह ने कमरे में जाकर देखा तो काजल का शव फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार कमरे में बेड पर एक कुर्सी रखी मिली। वहीं एक नैपकिन भी बरामद हुआ, जिस पर अंग्रेजी में "I'M NOT WELL, SORRY" लिखा था। पुलिस ने नैपकिन को कब्जे में लेकर उसकी लिखावट की जांच कराने का निर्णय लिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।

मृतका के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि काजल की शादी 29 नवंबर 2025 को हरप्रीत सिंह के साथ अरेंज मैरिज के रूप में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी में कार के लिए 8 लाख रुपये दिए गए थे। कुछ समय बाद हरप्रीत की SDO के पद पर नियुक्ति हुई, जिसके बाद बड़ी गाड़ी की मांग शुरू हो गई और काजल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिजनों का कहना है कि मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनकी काजल से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके करीब छह घंटे बाद रिश्तेदार से उसकी मौत की सूचना मिली। परिवार जब मौके पर पहुंचा तो बेटी का शव फंदे पर लटका मिला।

मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने दावा किया कि हरप्रीत सिंह का किसी दूसरी महिला से संबंध था और वह देर रात तक उससे बातचीत करता था। परिवार का आरोप है कि घटना को अंजाम देने की योजना पहले से बनाई गई थी।

वहीं ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। काजल की ननद याशमीन ने कहा कि उनके माता-पिता ऑस्ट्रेलिया उसकी बहन के रिश्ते के सिलसिले में गए थे। उन्होंने दहेज प्रताड़ना या किसी प्रकार के उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया है।

थाना सदर थानेसर के SHO रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दहेज मृत्यु के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस नैपकिन पर लिखावट, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।