हरियाणा में घर पर गिरी आसमानी बिजली, बाल-बाल बचा पूरा परिवार
यमुनानगर के फेरूवाला गांव में घर पर आसमानी बिजली गिरने से छत और दीवारों में दरारें आ गईं। परिवार सुरक्षित बच गया, जबकि प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
- यमुनानगर के फेरूवाला गांव में घर पर गिरी आसमानी बिजली
- छत और दीवारों में दरारें, छज्जा व कूलर टूटे, परिवार बाल-बाल बचा
- पटवारी ने किया नुकसान का आकलन, पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की
यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र के फेरूवाला गांव में सोमवार तड़के एक मकान पर आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली गिरने से मकान की छत और दीवारों में गहरी दरारें आ गईं, जबकि बाहर बना छज्जा टूटकर गिर गया और उसके नीचे रखा कूलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि पूरा परिवार कुछ मिनट पहले ही आंगन छोड़कर कमरे में चला गया था।
जानकारी के अनुसार शंटि कुमार, पुत्र जसबीर सिंह, अपने माता-पिता, छोटे भाई, पत्नी और बेटी के साथ गांव के बस अड्डे के पास बने डेरे में रहता है। परिवार मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। रात को खाना खाने के बाद सभी सदस्य गर्मी के कारण आंगन में सो रहे थे।
रात करीब 3 बजे बूंदाबांदी शुरू होने पर परिवार बिस्तर उठाकर कमरे के अंदर चला गया। कमरे में पहुंचने के कुछ ही मिनट बाद तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे मकान पर गिर गई। धमाके की तेज आवाज से पूरा परिवार घबरा गया।
बिजली गिरने के बाद कमरे की छत से सीमेंट के टुकड़े नीचे गिरने लगे। जब परिवार बाहर निकला तो देखा कि मकान की दीवारों और छत में दरारें पड़ चुकी थीं। बाहर का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया था और उसके नीचे रखा कूलर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गांव के सरपंच रवि ने बताया कि यदि बारिश शुरू होने से पहले परिवार आंगन में ही सो रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि परिवार पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलने पर पटवारी अनिल मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। प्रशासन को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। सरपंच ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, इसलिए उन्हें जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।
pooja