हरियाणा में दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौ*त
यमुनानगर में दो बाइकों की भिड़ंत में तीन बच्चों के पिता संदीप कुमार की मौत हो गई। आरोपी बाइक राइडर बाइक छोड़कर फरार हुआ, पुलिस ने केस दर्ज किया।
तेज रफ्तार बाइक ने संदीप की मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, मौके पर बाइक छोड़कर राइडर फरार
➤ इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
➤ तीन बच्चों के पिता संदीप के भाई की शिकायत पर अज्ञात बाइक राइडर पर केस दर्ज
यमुनानगर के बुड़िया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार संदीप कुमार निवासी भीलपुरा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी बाइक राइडर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। संदीप तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने उसके भाई की शिकायत पर आरोपी अज्ञात बाइक राइडर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाई के पीछे-पीछे घर लौट रहा था संदीप
बुडिया थाना पुलिस को दी शिकायत में भीलपुरा निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह गांव नथनपुर में बिजली की दुकान चलाता है। उसके चार भाई हैं और वह सबसे छोटा है। उसका भाई संदीप कुमार भी अपने परिवार के साथ भीलपुरा में रहता था। संदीप के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं।
संजय के मुताबिक, बीती रात उसका भाई संदीप मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव नथनपुर से अपने घर भीलपुरा जा रहा था। संजय भी अपनी मोटरसाइकिल से उसके पीछे-पीछे घर लौट रहा था। दोनों जब गांव लक्कड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आई एक मोटरसाइकिल ने संदीप की बाइक को दाहिनी तरफ से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरा, सिर में आई गंभीर चोट
बताया गया है कि दोनों बाइकों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि संदीप मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद दूसरी मोटरसाइकिल का राइडर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया।
संजय ने हादसा होते देखा तो उसने घायल भाई को अस्पताल पहुंचाने के लिए तुरंत वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद संदीप को इलाज के लिए यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंची पुलिस, शव का पोस्टमार्टम कराया
हादसे की सूचना मिलने के बाद बुड़िया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। मृतक के भाई संजय कुमार की शिकायत तथा डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी अज्ञात बाइक राइडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जांच अधिकारी एएसआई राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत और डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अज्ञात बाइक राइडर के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी बाइक राइडर की पहचान करने के साथ ही हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी राइडर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस इसी बाइक के आधार पर आरोपी तक पहुंचने और दुर्घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
Akhil Mahajan