समालखा में एएसआई ने छात्रों और मजदूरों को दिलवाई नशा मुक्ति की शपथ

समालखा पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत स्कूल और फैक्ट्री में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एएसआई जगपाल सिंह ने छात्रों व मजदूरों को नशा न करने की शपथ दिलाई।

समालखा में एएसआई ने छात्रों और मजदूरों को दिलवाई नशा मुक्ति की शपथ

➤ समालखा पुलिस ने स्कूल और फैक्ट्री में नशा मुक्ति शपथ दिलवाई
➤ एएसआई जगपाल सिंह ने छात्रों व मजदूरों को नशे के दुष्परिणाम बताए
➤ अभियान एसपी पानीपत के निर्देश और डीएसपी समालखा की देखरेख में चल रहा

समालखा (अशोक शर्मा)। नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत समालखा पुलिस ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। एएसआई जगपाल सिंह ने वीरवार को महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल समालखा में छात्र-छात्राओं को तथा हनुमान भट्ठा कम्पनी में काम करने वाले मजदूरों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस मौके पर एएसआई ने सभी को शपथ दिलवाई— "मैं किसी भी प्रकार का नशा न करता था, न करता हूँ और न भविष्य में करूंगा। साथ ही अपने विद्यालय के मित्रों, मोहल्ले के साथियों, परिवार के सदस्यों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रखूंगा, ताकि नशा मुक्त समाज के निर्माण का सच्चा सेवक बन सकूं।"

उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था का काम नहीं है, बल्कि यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों, उनके गुरुजनों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस आंदोलन को अपनी शक्ति और आशीर्वाद दें और समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान करें।

एएसआई ने स्पष्ट किया कि नशे से व्यक्ति की सेहत, परिवार और समाज पर गहरा असर पड़ता है। इसलिए हर नागरिक को अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे। सरकार ने भी नशे पर प्रतिबंध लगाया है और यदि कोई भी व्यक्ति नशा करता या नशीले पदार्थों की बिक्री करता पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह पूरा अभियान पुलिस अधीक्षक पानीपत के निर्देश और डीएसपी समालखा की देखरेख में चलाया जा रहा है।