सैफ का 'धुरंधर' पर बड़ा बयान,अब बॉलीवुड को नए दौर के साथ बदलना होगा

सैफ अली खान ने फिल्म 'धुरंधर' की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि इस फिल्म ने बॉलीवुड में बड़ा बदलाव लाया है। जानिए संगीत, फिल्म निर्माण और इंडस्ट्री को लेकर उन्होंने क्या कहा।

सैफ का 'धुरंधर' पर बड़ा बयान,अब बॉलीवुड को नए दौर के साथ बदलना होगा

सैफ अली खान ने 'धुरंधर' को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा बदलाव बताया

बोले- अब बॉलीवुड को नए दौर के साथ खुद को बदलना होगा

फिल्म के संगीत और आइटम सॉन्ग की नई प्रस्तुति की जमकर सराहना


मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर द रिवेंज' की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इन फिल्मों ने भारतीय सिनेमा में एक नया बदलाव लाने का काम किया है। सैफ का मानना है कि अब बॉलीवुड के सामने खुद को नए दौर के हिसाब से ढालने की चुनौती है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, सैफ अली खान ने कहा कि 'धुरंधर' के आने के बाद फिल्म निर्माण और प्रस्तुति का तरीका पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि अब यह फिल्म इंडस्ट्री पर निर्भर करता है कि वह इस बदलाव को स्वीकार करती है या नहीं। उनके शब्दों में, "यह हम पर निर्भर करता है कि हम जागते हैं या नहीं।"

संगीत और प्रस्तुति की भी की तारीफ

सैफ ने फिल्म के संगीत को भी नया और प्रयोगधर्मी बताया। उन्होंने कहा कि सिर्फ पारंपरिक एल्बम बनाने के बजाय दुनिया भर के संगीत से प्रेरणा लेना और जरूरत पड़ने पर अंग्रेजी का इस्तेमाल करना एक बेहतरीन सोच है।

उन्होंने फिल्म के चर्चित गीत 'शरारत' का उदाहरण देते हुए कहा कि इस गाने ने फिल्मों में आइटम सॉन्ग की पारंपरिक शैली को बदल दिया है। उनके मुताबिक, गाने को कहानी के साथ इस तरह जोड़ा गया है कि वह अलग या जबरन जोड़ा हुआ महसूस नहीं होता।

बॉक्स ऑफिस पर भी रही बड़ी सफलता

निर्देशक आदित्य धर की 'धुरंधर' और 'धुरंधर द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी हिट साबित हुई हैं। दिसंबर 2025 और मार्च 2026 में रिलीज हुई दोनों फिल्मों ने मिलकर 3,100 करोड़ रुपये से अधिक का वैश्विक कारोबार किया। फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन और सारा अर्जुन ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।

'हैवान' में नजर आएंगे सैफ

वर्क फ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान हाल ही में नेटफ्लिक्स की क्राइम थ्रिलर 'कर्तव्य' में नजर आए थे। अब वह निर्देशक प्रियदर्शन की आगामी फिल्म 'हैवान' में दिखाई देंगे, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार भी अहम भूमिका निभाएंगे।