CIA-2 हिरासत में आरोपी की मौत: परिवार का आरोप- पुलिस ने की मारपीट, पुलिस बोली- हार्ट अटैक

रोहतक में CIA-2 पुलिस हिरासत में आरोपी की मौत के बाद हंगामा हुआ। परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया, जबकि पुलिस ने हार्ट अटैक को कारण बताया।

CIA-2 हिरासत में आरोपी की मौत: परिवार का आरोप- पुलिस ने की मारपीट, पुलिस बोली- हार्ट अटैक

CIA-2 हिरासत के दौरान आरोपी की मौत से हड़कंप
परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया गंभीर आरोप
पुलिस का दावा- हार्ट अटैक से हुई मौत


हरियाणा के रोहतक में पुलिस हिरासत के दौरान एक आरोपी की मौत का मामला सामने आने से माहौल गरमा गया है। जानकारी के अनुसार CIA-2 पुलिस की हिरासत में आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अचेत अवस्था में मेडिकल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी के साथ सख्ती और मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यह एक साधारण मौत नहीं बल्कि पुलिस की कार्रवाई का नतीजा है।

वहीं इस पूरे मामले में CIA-2 पुलिस की ओर से अलग दावा किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को अचानक हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और पुलिस के बीच जमकर हंगामा हुआ। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस हिरासत में सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।