पानीपत में पूर्व सहकर्मी पर रेप का आरोप, नाबालिग बहन से भी छेड़छाड़
पानीपत में पूर्व सहकर्मी पर युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और उसकी नाबालिग बहन से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज किया।
लिफ्ट देने के बहाने पूर्व सहकर्मी को घर ले जाकर रेप का आरोप
■ आरोपी ने नाबालिग बहन से भी की छेड़छाड़, दी जान से मारने की धमकी
■ पुलिस ने रेप, पॉक्सो और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया
हरियाणा के पानीपत में एक युवती के साथ कथित तौर पर बेहद गंभीर वारदात सामने आई है। आरोप है कि फैक्ट्री में साथ काम कर चुका युवक उसे घर छोड़ने के बहाने अपने घर ले गया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, बाद में उसने पीड़िता की नाबालिग बहन के साथ भी छेड़छाड़ की।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अनमोल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 78, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत कार्रवाई की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह नवंबर 2025 में एक फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं आरोपी अनमोल भी काम करता था, जिससे उसकी जान-पहचान हो गई थी। 24 नवंबर को फैक्ट्री से छुट्टी के बाद आरोपी बाइक लेकर आया और उसे घर छोड़ने की बात कही।
परिचित होने के कारण युवती उसकी बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि आरोपी उसे घर ले जाने की बजाय अपने घर ले गया। वहां उसने युवती को कोल्ड ड्रिंक दी, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ था।
पीड़िता के अनुसार कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेसुध हो गई। जब उसे होश आया तो वह असहज स्थिति में थी। आरोप है कि आरोपी ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डर और सामाजिक बदनामी के कारण पीड़िता उस समय चुप रही।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा और उस पर दबाव बनाता रहा। मामला तब और गंभीर हो गया, जब 25 अप्रैल को आरोपी उसके कमरे पर पहुंच गया। उस समय पीड़िता अपनी नाबालिग छोटी बहन के साथ मौजूद थी।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने वहां भी अभद्र व्यवहार किया और नाबालिग बहन के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। दोनों बहनों ने विरोध कर शोर मचाया तो आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पीड़िता ने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार के साथ वह 29 अप्रैल को पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
pooja