करनाल में युवक की बेरहमी से हत्या, 10 सेकेंड में किए 9 वार; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
करनाल के घरौंडा में दुकान पर सफाई कर रहे 30 वर्षीय तेजबीर सिंह की रॉड से हत्या, आरोपी ने 10 सेकेंड में 9 वार किए, CCTV वीडियो सामने आया
➤ करनाल में दुकान पर युवक की रॉड से पीटकर हत्या, 10 सेकेंड में किए 9 वार
➤ भाग रहे आरोपी को लोगों ने पकड़कर पीटा, अस्पताल में चल रहा इलाज
➤ CCTV में कैद हुई वारदात, मृतक तेजबीर सिंह 30 साल का था
हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में शुक्रवार सुबह एक युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी दुकान पर सफाई कर रहा था। इसी दौरान एक हमलावर वहां पहुंचा और महज 10 सेकेंड में रॉड से 9 वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के सिर से खून की धारा फूट पड़ी और वह मौके पर गिर गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों की पिटाई में आरोपी भी घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद घरौंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान बालीनगर निवासी 30 वर्षीय तेजबीर सिंह पुत्र सुभाष के रूप में हुई है। इस पूरी वारदात का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पर रॉड से लगातार वार करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह दुकान खोलते ही तेजबीर पर टूट पड़ा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, घरौंडा में वीर राइस के पास तेजबीर और उसका भाई चाय की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे तेजबीर दुकान पर पहुंचा था। वह दुकान की सफाई कर रहा था। इसी दौरान नेपाल निवासी उत्तम सिंह भागते हुए वहां पहुंचा। उसके हाथ में लोहे की रॉड थी।
दुकान में पहुंचते ही उत्तम सिंह ने तेजबीर पर रॉड से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि तेजबीर को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। रॉड का पहला वार उसके सिर में लगा और वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने उस पर लगातार कई वार किए।
CCTV फुटेज में आरोपी तेजबीर पर एक के बाद एक रॉड से वार करता नजर आ रहा है। कुछ ही सेकेंड में उसने 9 वार किए। गंभीर चोट लगने के बाद तेजबीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, भागते आरोपी को पकड़कर पीटा
हमले के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। हालांकि, लोगों ने उसका पीछा कर उसे घेर लिया और पकड़ लिया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की। इस दौरान आरोपी भी घायल हो गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घरौंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने तेजबीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी उत्तम कुमार का भी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।
रात भर कमरे में बंद था आरोपी, शीशा तोड़कर निकला बाहर
परिजनों और सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी उत्तम सिंह एक सर्विस स्टेशन पर काम करता है। बताया गया है कि उसके मालिक ने उसे रात भर एक कमरे में बंद करके रखा था।
आरोपी ने रात में कमरे के अंदर भी तोड़फोड़ की। इसके बाद सुबह उसने दरवाजे का शीशा तोड़ दिया और वहां से बाहर निकल आया। बाहर आने के बाद उसने रास्ते में एक बाइक सवार पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार किसी तरह बचकर निकल गया।
इसके बाद आरोपी ने एक महिला से भी बदतमीजी की। इन घटनाओं के बाद वह तेजबीर की दुकान तक पहुंचा और वहां सफाई कर रहे तेजबीर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
तीन भाई-बहनों में मझला था तेजबीर, 15 साल पहले पिता की हुई थी मौत
तेजबीर सिंह की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसके पिता सुभाष की करीब 15 साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद मां कृष्णा ने बच्चों का पालन-पोषण किया।
तेजबीर तीन भाई-बहनों में मझला था। उसका बड़ा भाई प्रदीप शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। तेजबीर अविवाहित था। उसकी एक छोटी बहन भी है।
परिवार का कहना है कि वारदात के समय आरोपी नशे में था। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि तेजबीर नाम के युवक के सिर में आरोपी ने रॉड मारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी भी घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Akhil Mahajan