कुरुक्षेत्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, लोकसभा हंगामे पर बोले– विपक्ष को जनता दिखाती है बाबा जी का ठुल्लू
कुरुक्षेत्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने लोकसभा सत्र के हंगामे और बजट को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए जनता को बाबा जी का ठुल्लू दिखाने की बात कही।
➤ कुरुक्षेत्र दौरे पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का विपक्ष पर तीखा हमला
➤ लोकसभा सत्र में हंगामे और राहुल गांधी के व्यवहार पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
➤ केंद्रीय और हरियाणा बजट को बताया विकसित भारत की मजबूत नींव
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। लोकसभा सत्र में हुए हंगामे, विपक्ष की भूमिका और आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया।
कृष्ण बेदी ने कहा कि बीते पांच वर्षों में विपक्ष के क्रियाकलाप पूरी दुनिया ने देखे हैं। विपक्ष संसद को चलने नहीं देता, हर काम में नुक्ताचीनी करता है और देश विरोधी बातें करता है। जब चुनाव आते हैं और विपक्ष के नेता जनता के बीच वोट मांगने जाते हैं, तो लोग उन्हें “बाबा जी का ठुल्लू” दिखा देते हैं। इसके बाद विपक्ष ईवीएम खराब होने, वोट चोरी होने और सरकार चोरी होने जैसे बहाने बनाने लगता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विपक्ष कभी किसी अच्छे काम की तारीफ नहीं करता। जब प्रधानमंत्री विपक्ष को सुझाव देने के लिए आमंत्रित करते हैं, तो वे मैदान छोड़कर भाग जाते हैं। बाद में कहते हैं कि बजट नीरस है, कमजोर है और उसमें कुछ नहीं है, जबकि सच्चाई यह है कि सरकार में न होने के कारण उन्हें हर चीज में स्वाद नहीं आता।
कृष्ण बेदी ने कहा कि केंद्रीय बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बजट है। इसमें एआई से जुड़ी क्रांति की झलक दिखाई देती है और विकसित भारत की स्पष्ट तस्वीर सामने आती है। इसके बावजूद विपक्ष केवल आलोचना करता है, क्योंकि उनके पास न कोई दृष्टि है और न कोई वैकल्पिक नीति।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी बीते ढाई महीनों से लगातार हरियाणा बजट को लेकर समाज के हर वर्ग से संवाद कर रहे हैं और सुझाव ले रहे हैं। पंचकूला के रेड बिशप में विपक्ष को भी बजट सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन एक भी विपक्षी नेता वहां नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि जिस दिन हरियाणा का बजट पेश होगा, उसी दिन विपक्ष कहेगा कि बजट में स्वाद नहीं आया। यह वही लोग हैं जिन्हें लंबे समय तक केवल नुक्ताचीनी करने का ही अवसर मिलेगा, क्योंकि जनता अब इनके खोखले रवैये को समझ चुकी है।
लोकसभा सत्र के दौरान राहुल गांधी द्वारा मैगजीन पढ़ने को लेकर हुए हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि विपक्ष पांच साल में जनता के प्रति अपनी जवाबदेही नहीं बताता। वोट मांगने भी पूरे हलकों में नहीं जाता और जब जनता सवाल करती है, तो जवाब देने से बचता है। यही वजह है कि चुनाव के समय जनता इन्हें फिर से बाबा जी का ठुल्लू दिखा देती है।
Akhil Mahajan