नूंह में हिंसा, तीन गंभीर, 26 पर मामला दर्ज, जानें वजह क्‍यों चले डंडे और लाठियां

नूंह के गांव बाई में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों और पथराव में तीन लोग गंभीर घायल हुए। पुलिस ने 26 लोगों पर केस दर्ज किया।

नूंह में हिंसा, तीन गंभीर, 26 पर मामला दर्ज, जानें वजह क्‍यों चले डंडे और लाठियां

जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, गांव में दहशत
छतों से पथराव, लाठी-डंडों से हमला, तीन गंभीर घायल
पुलिस के सामने भी पथराव, 26 नामजद पर केस दर्ज


नूंह। नूंह जिले के आंकेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बाई में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों के साथ-साथ छतों से जमकर पथराव किया गया, जिससे गांव में दहशत फैल गई।

इस हिंसक झड़प में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं एक महिला सहित दो अन्य घायलों का इलाज नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 26 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में ताहिर हुसैन ने बताया कि उनका गांव के ही कुछ लोगों से करीब पांच एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन रहा और करीब एक साल पहले कोर्ट का फैसला उनके पक्ष में आया। इसके बाद जमीन पर उनका कब्जा हो गया, जिससे आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा

शिकायत के अनुसार, 29 दिसंबर को जब ताहिर हुसैन अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में अरशद ने उन्हें रोककर जमीन का केस वापस लेने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने यह पूरी बात अपने परिवार को बताई।

अगले दिन 30 दिसंबर की शाम करीब पांच बजे, ताहिर हुसैन का बेटा सलीम, भतीजा फैजान और भाई शाहिद गाड़ी से घर लौट रहे थे। गांव के अंदरूनी रास्ते में बरकत ने गाड़ी के सामने पत्थर रखकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद उसने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस आरोपियों ने गाड़ी में बैठे तीनों लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर तीनों वहां से भागे। हमलावरों ने उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए

इसके बाद विवाद और भड़क गया। आरोप है कि करीब 26 लोग पीड़ित पक्ष के घरों पर टूट पड़े। घर में घुसकर महिलाओं सहित परिजनों से मारपीट की गई। इस हमले में आसू, फरहाना और खुर्शीद को गंभीर चोटें आईं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस के सामने भी पथराव किया गया। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से आसू की हालत गंभीर होने पर रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।

आंकेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, मामले में 26 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्यामवीर ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया गया। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।