शादी के अगले दिन ही हरियाणा की बेटी पर दहेज का कहर: बुलेट और लाखों की मांग, विरोध पर चारपाई से बांधकर मारपीट.....
सिरसा की एक नवविवाहिता ने आरोप लगाया है कि शादी के अगले ही दिन ससुराल पक्ष ने बुलेट बाइक और 5 लाख रुपए की मांग की। मांग पूरी न होने पर मारपीट और गला दबाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
■ शादी के अगले दिन बुलेट और 5 लाख कैश की डिमांड
■ पति ने नशे में मारपीट कर चारपाई से बांधा, गला दबाने का आरोप
■ पुलिस जांच में दहेज प्रताड़ना के आरोप सही, केस दर्ज
हरियाणा के सिरसा जिले की एक नवविवाहिता के साथ दहेज को लेकर कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि 6 अप्रैल 2025 को पंजाब के अमृतसर निवासी युवक से शादी के अगले ही दिन उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी गई। महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष ने दहेज में बुलेट बाइक और 5 लाख रुपए नकद की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की कोशिश तक की गई।
शिकायत के अनुसार, शादी में उसके पिता ने हैसियत के मुताबिक खर्च किया था और बाइक भी दी थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने ताने देने शुरू कर दिए। महिला ने बताया कि उसका जेठ दो बार तलाकशुदा है और वह भी उस पर गलत नजर रखता था तथा घर में न घुसने की धमकी देता था। आरोप है कि ससुराल वाले कहते थे कि बड़े बेटे को दहेज में बुलेट और 5 लाख रुपए मिले थे, इसलिए वही मांग दोहराई जा रही है।
महिला का आरोप है कि शादी के अगले दिन ही उसका पति शराब के नशे में घर आया और उसे बुरी तरह पीटा। गाली-गलौज कर दहेज की मांग दोहराई गई। 5-6 दिन बाद उसने मायके वालों को पूरी बात बताई। परिजन उसे घर ले आए और जैसे-तैसे 50 हजार रुपए का इंतजाम किया। कुछ दिन बाद पति मायके पहुंचा और 50 हजार लेकर उसे दोबारा साथ ले गया, लेकिन वहां भी व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
आरोप है कि एक दिन पति ने उसे घर में चारपाई से बांधकर बेरहमी से पीटा। महिला ने बताया कि उसका गला चुन्नी से दबाया गया और कहा गया कि उसे यहीं खत्म कर देंगे। कुछ देर बाद जब आरोपी बाहर गए तो उसे होश आया। किसी तरह हिम्मत जुटाकर वह दीवार फांदकर घर से बाहर निकली और सीधे थाने पहुंच गई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद महिला को परिजन लेकर आए और सिविल अस्पताल सिरसा में भर्ती करवाया गया। पंचायत में दोनों परिवारों के बीच समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष नहीं माना। आरोप है कि उन्होंने घर बसाने और सामान लौटाने से भी इनकार कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर जांच की। जांच में सामने आया कि शादी के बाद पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद और मनमुटाव रहा, लेकिन दहेज प्रताड़ना, मारपीट और सामान खुर्द-बुर्द करने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा की गंभीरता को उजागर करता है, जहां विवाह जैसे पवित्र बंधन के तुरंत बाद ही लालच और हिंसा हावी हो जाती है।
Akhil Mahajan