साड़ी में सामने आईं IPS, फिर हाथ में उठाई AK-47... आगे जो हुआ वीडियो में दिखा
विजयादशमी पर रायपुर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन हुआ। IPS अंकिता शर्मा ने साड़ी में AK-47 से हर्ष फायरिंग की, जिसका वीडियो चर्चा में है।
➤ साड़ी में IPS अंकिता शर्मा ने AK-47 से की हर्ष फायरिंग, वीडियो चर्चा में
➤ रायपुर पुलिस लाइन में विजयादशमी पर हुआ पारंपरिक शस्त्र पूजन
➤ पुलिस अधिकारियों ने जनसेवा और नागरिक सुरक्षा के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता
विजयादशमी के मौके पर जब देशभर में रावण दहन और शस्त्र पूजन की परंपरा निभाई जा रही थी, रायपुर पुलिस लाइन का एक दृश्य खास चर्चा में आ गया। यहां पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पारंपरिक परिधान साड़ी में शस्त्र पूजन के बाद AK-47 से हर्ष फायरिंग की। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की शौर्य, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा की परंपरा को आगे बढ़ाना तथा जनसुरक्षा के प्रति संकल्प दोहराना था।
विजयादशमी के अवसर पर रायपुर के पुलिस लाइन स्थित रक्षित आरक्षित केंद्र में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी और जवान मौजूद रहे।
शस्त्रागार में विधि-विधान से हुई पूजा
कार्यक्रम के दौरान शस्त्रागार में रखे पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडित के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राइफल, रिवाल्वर, गोला-बारूद और अन्य पुलिस उपकरणों का पूजन किया गया। इसके साथ ही विभागीय वाहनों पर तिलक लगाकर उनकी भी पूजा की गई।
शस्त्र पूजन के बाद परंपरा के अनुसार हर्ष फायरिंग की गई। इसी दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा AK-47 से फायरिंग किए जाने का दृश्य सामने आया। साड़ी में मौजूद IPS अधिकारी की यह तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
पुलिस कमिश्नर ने भी किया शस्त्र पूजन
विजयादशमी के कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने भी विधि-विधान से माता शक्ति की आराधना की। हवन और पूजन के बाद शस्त्रों तथा पुलिस वाहनों की पूजा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा, नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस विभाग के अनुसार विजयादशमी का शस्त्र पूजन पुलिस बल के साहस, अनुशासन, पराक्रम और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
पुलिस बैंड ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड ने माता की आरती के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की प्रस्तुति दी। इससे पुलिस लाइन का माहौल भक्तिमय और राष्ट्रप्रेम की भावना से भर गया। बैंड की प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस मौके पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के धार्मिक महत्व के साथ पुलिस बल की जिम्मेदारियों और नागरिकों की सुरक्षा के दायित्व को भी रेखांकित किया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त राबिन्सन गुरिया, स्मृतिक राजनाला, डॉ. अर्चना झा, दीपमाला कश्यप और तारकेश्वर पटेल मौजूद रहे।
इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निमिषा पांडेय, सहायक पुलिस कमिश्नर सतीश ठाकुर, निलेश द्विवेदी और सीमा अहिरवार, रक्षित निरीक्षक अनीश कुमार सारथी सहित कमिश्नरेट के अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सम्मानित नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दशहरे के इस आयोजन में एक ओर जहां शस्त्र पूजन के जरिए पुलिस बल की परंपरा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया, वहीं IPS अंकिता शर्मा की AK-47 से हर्ष फायरिंग का दृश्य कार्यक्रम का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा बन गया।
Akhil Mahajan