पेट्रोल पंप संचालक से ₹5 करोड़ की रंगदारी, 15 दिन में दूसरी वारदात
हिसार में पेट्रोल पंप संचालक आनंद गोयल और उनके बेटे से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया। बजरंग गर्ग ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर हरियाणा बंद की चेतावनी दी।
हिसार में पेट्रोल पंप संचालक आनंद गोयल और बेटे से ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप
➤ 15 दिन में दो पेट्रोल पंप कारोबारियों से ₹10 करोड़ की रंगदारी मांगने से व्यापारियों में आक्रोश
➤ बजरंग दास गर्ग की चेतावनी, अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हिसार समेत पूरे हरियाणा में बंद का आह्वान
हिसार। हरियाणा के हिसार में कारोबारियों से रंगदारी मांगने की घटनाओं ने व्यापारिक जगत में चिंता और आक्रोश बढ़ा दिया है। अब पेट्रोल पंप संचालक आनंद गोयल और उनके बेटे अनिरुद्ध गोयल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 अक्टूबर को किसी ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए उनसे रंगदारी मांगी और गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। इस मामले में पेट्रोल पंप संचालक ने अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को शिकायत दी है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार डरा हुआ है। परिवार इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहा है। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर व्यापारी नेता बजरंग दास गर्ग पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
15 दिन में दूसरी बड़ी वारदात, कारोबारियों में डर
हिसार में रंगदारी मांगने का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब करीब 15 दिन पहले पेट्रोल पंप व्यवसायी प्रमोद गोयल से भी बदमाशों द्वारा 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की घटना सामने आई थी। दोनों मामलों को मिलाकर महज 15 दिनों में पेट्रोल पंप कारोबारियों से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से शहर के व्यापारिक हलकों में भय और गुस्से का माहौल है। कारोबारियों को आशंका है कि यदि रंगदारी मांगने वाले गिरोहों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
गर्ग बोले- फिरौती का गढ़ बना हिसार
व्यापारी नेता बजरंग दास गर्ग ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा में स्थिति पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। उनके मुताबिक, अकेले हिसार जिले में हाल ही में लगभग 9 हत्याएं हो चुकी हैं और बदमाश लगातार कारोबारियों को निशाना बना रहे हैं।
गर्ग ने कारोबारियों से रंगदारी मांगने के कई मामलों का जिक्र करते हुए बताया कि आदमपुर के एक व्यापारी से 25 करोड़ रुपये, हिसार में एक पेट्रोल पंप संचालक से 5 करोड़ रुपये, आनंद गोयल से 5 करोड़ रुपये, एक होलसेल कपड़ा व्यापारी से 5 करोड़ रुपये और रियल एस्टेट कारोबारी सुरेंद्र जांगड़ा से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही घटनाएं व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। कारोबारियों और उद्योगपतियों को अपने व्यवसाय के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है।
व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन को दी चेतावनी
बजरंग दास गर्ग ने कहा कि व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है कि रंगदारी मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। प्रमोद गोयल और आनंद गोयल से फिरौती मांगने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाए।
उन्होंने मांग की कि विदेशों और जेलों से संचालित हो रहे रंगदारी के नेटवर्क की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया जाए। साथ ही कारोबारियों और उद्योगपतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन को तत्काल कड़े इंतजाम करने चाहिए।
अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हरियाणा बंद का ऐलान
गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो व्यापारी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर व्यापार मंडल हिसार सहित पूरे हरियाणा में बंद का आह्वान करेगा और व्यापारी सड़कों पर उतरकर विरोध जताएंगे। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर कारोबारियों की नजर है।
Akhil Mahajan