Video: शिमला में हरियाणा के युवकों ने एचआरटीसी वोल्‍वो चालक को पीटा, महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, विरोध में चालकों ने बसों के पहिए रोके

शिमला में HRTC वोल्वो चालक के साथ मारपीट के मामले में हरियाणा के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ओवरटेकिंग विवाद के बाद कर्मचारियों ने बस सेवाएं रोक दी थीं।

Video: शिमला में हरियाणा के युवकों ने एचआरटीसी वोल्‍वो चालक को पीटा, महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, विरोध में चालकों ने बसों के पहिए रोके

शिमला में हरियाणा के युवकों ने HRTC वोल्वो चालक से की मारपीट

ओवरटेकिंग को लेकर हुआ विवाद, महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

विरोध में HRTC कर्मचारियों ने बसों के पहिए रोके, बाद में सेवा बहाल


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार सुबह एक सड़क विवाद ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। दिल्ली से शिमला आ रही HRTC वोल्वो बस के चालक के साथ हरियाणा के युवकों ने बीच सड़क पर मारपीट कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कच्चीघाटी इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि दिल्ली से शिमला आ रही वोल्वो बस ने रास्ते में हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया था। इसी बात से नाराज स्कॉर्पियो सवार युवक बस का पीछा करते हुए कच्चीघाटी तक पहुंच गए।

आरोप है कि युवकों ने बस के आगे अपनी स्कॉर्पियो लगाकर उसे जबरन रुकवाया और फिर चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क हुई इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री डर के कारण सीटों से उठकर बाहर की स्थिति देखने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (33) पुत्र शिव कुमार और विकास कुमार (22) पुत्र विलक्षण राम निवासी अभयपुर, पंचकूला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

वहीं घटना के बाद फरार हुए अन्य दो आरोपियों को भी पुलिस ने कुछ देर बाद ठियोग इलाके से पकड़ लिया। इनमें एक महिला भी शामिल है। उनकी पहचान प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार और विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी अभयपुर, पंचकूला के रूप में हुई है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के दौरान स्कॉर्पियो में और कौन-कौन मौजूद था।

इधर, चालक के साथ हुई मारपीट के विरोध में HRTC ड्राइवर और कंडक्टरों ने शिमला के पुराने बस अड्डे पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई और विरोध स्वरूप बसों के पहिए रोक दिए।

हालांकि पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया और बस सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं।

शिमला पुलिस ने साफ कहा है कि कानून को हाथ में लेने वालों और सार्वजनिक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।