करनाल में दरवाजा फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
करनाल के घरौंडा में दरवाजे बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच मशीनें, लकड़ी और तैयार माल जलकर राख हो गया। जांच जारी है।
- करनाल की दरवाजा फैक्ट्री में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
- लकड़ी, तैयार माल और मशीनें जलकर राख, 5 से 7 लाख रुपए का नुकसान
- शटर तोड़कर अंदर पहुंची टीम, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
करनाल जिले के घरौंडा स्थित अराईपूरा रोड पर दरवाजे बनाने वाली एक फैक्ट्री में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फैक्ट्री मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फैक्ट्री बंद होने के कारण अंदर कोई मौजूद नहीं था। धुआं निकलता देख लोगों ने शटर तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश की और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।
फैक्ट्री में बड़ी संख्या में लकड़ी के दरवाजे, तैयार माल और कच्चा सामान रखा हुआ था। आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री की मशीनें, लकड़ी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
फैक्ट्री मालिक के अनुसार हादसे में करीब 5 से 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है।
स्थानीय निवासी सतपाल राणा ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले फैक्ट्री से धुआं निकलते देखा। इसके बाद तुरंत फैक्ट्री मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उन्होंने सरकार से पीड़ित फैक्ट्री मालिक को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की।
फायर ब्रिगेड और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।
pooja