हिसार ट्रिपल मर्डर केस: पत्नी-बच्चों की हत्या के बाद खुद पहुंचा था गुमशुदगी लिखवाने? दूसरे दिन भी नहीं हुआ पोस्टमार्टम
हिसार के मलापुर गांव में महिला और दो बच्चों की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने पति पर हत्या कर गुमशुदगी का ड्रामा रचने का आरोप लगाया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के चलते दूसरे दिन भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
➤ हिसार ट्रिपल मर्डर केस में परिजनों का आरोप- पति ने हत्या के बाद रचा गुमशुदगी का ड्रामा
➤ पानी के होद से मिले थे महिला और दो मासूम बच्चों के शव, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग
➤ हत्या का केस दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार, दूसरे दिन भी रुका पोस्टमार्टम
हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा थाना क्षेत्र के मलापुर गांव में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। 33 वर्षीय मुकेश, उसके 12 वर्षीय बेटे वंश और 13 वर्षीय बेटी वर्षा के शव घर में बने पानी के होद से मिलने के बाद अब मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला के पति ने पहले तीनों की हत्या की और फिर पूरे मामले को गुमशुदगी का रूप देने के लिए खुद पुलिस थाने पहुंच गया।
रविवार को लगातार दूसरे दिन भी तीनों शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजन मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। देर रात तक सहमति नहीं बनने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा, फिर होद से मिले तीनों शव
मृतका के भाई अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि 1 अगस्त की सुबह आरोपी पति अमित कुमार खुद अग्रोहा थाना पहुंचा और पत्नी व दोनों बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की। परिवार को पहले ही अनहोनी की आशंका थी। पुलिस के साथ जब घर की तलाशी ली गई तो घर में बने पानी के होद से तीनों के शव बरामद हुए।
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
परिजनों के अनुसार मुकेश की शादी वर्ष 2012 में अमित कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। कई बार पंचायत और परिवार की ओर से समझौते की कोशिश की गई, लेकिन हालात नहीं बदले।
हत्या का केस दर्ज, कार्रवाई की मांग
परिजनों की शिकायत पर अग्रोहा थाना पुलिस ने पति अमित कुमार समेत अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना को लेकर मौके पर डीएसपी, तहसीलदार, फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan