बैंक लॉकर से 25 लाख के जेवर गायब: 13 साल पुराने लॉकर में चोरी का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से करीब 25 लाख रुपये के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ ओल्ड फरीदाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से करीब 25 लाख के जेवर गायब होने का मामला सामने आया
➤ महिला का दावा- 13 साल पुराने लॉकर में पूर्वजों के जेवर और पुराने सिक्के भी थे, ताला नहीं खुलने के बाद खुला मामला
➤ पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की, पीआरओ बोले- शिकायत में 8 जेवर गायब बताए गए हैं
फरीदाबाद में बैंक लॉकर की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। ओल्ड फरीदाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक लॉकर से करीब 25 लाख रुपये के जेवरात गायब होने की शिकायत पुलिस तक पहुंची है। पीड़ित महिला सुदेश कपूर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि लॉकर में रखे कीमती जेवरों के साथ पूर्वजों के पुराने आभूषण और सिक्के भी गायब हैं।
मई 2024 के बाद दोबारा पहुंचीं तो नहीं खुला लॉकर
शिकायतकर्ता सुदेश कपूर ने बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक, ओल्ड फरीदाबाद शाखा में पिछले 13 वर्षों से लॉकर है। उन्होंने बताया कि आखिरी बार उन्होंने मई 2024 में लॉकर खोला था। इसके बाद 21 जुलाई को जब वह दोबारा लॉकर देखने पहुंचीं तो उनकी चाबी से लॉकर नहीं खुला।
महिला के अनुसार, बैंक प्रबंधन ने पहले इसे तकनीकी खराबी बताया और कहा कि तकनीकी कर्मचारी को बुलाकर लॉकर खुलवाया जाएगा। बाद में दोबारा बैंक पहुंचने पर भी चाबी से ताला नहीं खुला।
लॉकर खुला तो गायब मिले जेवरात
पीड़िता का कहना है कि जब बैंक प्रबंधन की मौजूदगी में लॉकर खुलवाया गया तो अंदर रखे करीब 25 लाख रुपये के जेवरात गायब थे। उनका आरोप है कि लॉकर में रखे पूर्वजों के आभूषण और पुराने सिक्के भी नहीं मिले।
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद बैंक मैनेजर ने उन्हें पुलिस में शिकायत नहीं करने की सलाह देते हुए कहा कि बैंक अपने स्तर पर मामले की जांच करेगा। हालांकि कई दिन बीतने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता बोलीं- मुझे अपने जेवर वापस चाहिए
सुदेश कपूर ने कहा कि गायब हुए जेवर केवल आर्थिक रूप से ही नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से भी उनके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उनके जेवरात बरामद कराने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
फरीदाबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल ने बताया कि शिकायत में 8 जेवर गायब होने की बात कही गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan