Murder: मां और बहन को नशे में पीट रहा था बाप, गुस्साए बेटे ने पिता को दे डाली खौफनाक मौ*त
करनाल के कुटेल गांव में घरेलू विवाद के दौरान नाबालिग बेटे ने कथित रूप से पिता के सिर पर डंडा मार दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के कुटेल गांव में मंगलवार देर रात एक घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे एक व्यक्ति ने पत्नी और बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव करने आए 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने पिता के सिर पर डंडा मार दिया। घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र (55) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। देर रात घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
बीच-बचाव में हुआ जानलेवा हमला
परिजनों का कहना है कि जब पिता पत्नी और बेटी के साथ मारपीट कर रहा था तो बेटा उन्हें बचाने के लिए आगे आया। आरोप है कि इस दौरान पिता ने बेटे के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। इसी बीच बेटे ने पास में पड़ा डंडा उठाकर सिर पर वार कर दिया।
वार लगते ही राजेंद्र जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। परिवार के लोग और बेटा उसे तुरंत करनाल ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
अस्पताल से सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
प्राथमिक जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि घटनास्थल पर फैले खून को साफ करने का प्रयास किया गया था। फिलहाल नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan